रायचूर में CPL (ML) रेड स्टार के 13वें महाधिवेशन की तैयारी की बैठक में RSS-BJP की राजनीति पर तीखा हमला

CPL (ML) Red Star

लेंस डेस्क। भाकपा (माले) रेड स्टार [CPL (ML) Red Star] ने अपने 13वें पार्टी महाधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की केंद्रीय समिति के निर्णय के अनुसार यह महाधिवेशन 16 से 20 सितंबर 2026 तक कर्नाटक के रायचूर में आयोजित होगा। इसकी तैयारियों के लिए 3 मई को कन्नड़ भवन, रायचूर में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पार्टी के महासचिव पी. जे. जेम्स ने कहा कि यह महाधिवेशन ऐसे दौर में हो रहा है जब अमेरिकी नेतृत्व वाला साम्राज्यवाद, कॉरपोरेट पूंजीवाद और फासीवादी ताकतें विश्व स्तर पर आक्रामक हो रही हैं। उन्होंने फिलिस्तीन और ईरान के हालात का जिक्र करते हुए इसे वैश्विक संकट की अभिव्यक्ति बताया।

पोलित ब्यूरो सदस्य आर. मनसाय्या ने भारत की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आरएसएस और बीजेपी के नेतृत्व में देश में फासीवादी प्रवृत्तियां मजबूत हुई हैं, जिसका असर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भी दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक ढांचे से लेकर शिक्षा और संस्कृति तक पर एक खास विचारधारा का दबाव बढ़ रहा है।

पोलित ब्यूरो सदस्य कबीर ने कहा कि अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों और दलितों को निशाना बनाया जा रहा है और उन्हें अधिकारों से वंचित करने की कोशिश हो रही है।

वहीं केंद्रीय समिति सदस्य एम.डी. अमीर अली ने कहा कि कम्युनिस्ट आंदोलन के सामने वैचारिक चुनौतियां हैं, लेकिन रेड स्टार इन सवालों पर स्पष्ट राजनीतिक लाइन के साथ आगे बढ़ रहा है।

राज्य कार्यकारी समिति सदस्य एम. गंगाधर ने बताया कि महाधिवेशन के दौरान साम्राज्यवाद, फासीवाद और जाति जैसे अहम मुद्दों पर तीन बड़े सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश-विदेश के वामपंथी संगठनों और बुद्धिजीवियों को आमंत्रित किया जाएगा।

आयोजित बैठक में 75 सदस्यीय स्वागत समिति का गठन किया गया। स्वागत समिति में कॉमरेड राघवेंद्र कुस्तगी को अध्यक्ष और आर. मनसाय्या को महासंयोजक बनाया गया है। इसके अलावा एम.डी. इकबाल (MIC), एच.एन. बडिगेर, वीरा भद्रप्पा और रविंद्रनाथ पट्टी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बी. रुद्रैया, एम.डी. अमीर अली और एम. गंगाधर को संयोजक बनाया गया है।

संगठनात्मक तैयारियों के लिए गठित कार्यकारी समिति में बी. बसवराज, नूरजहां एम, खाजा असलम पाशा, जे.बी. राजू, राजू पट्टी, बाबू भदरिगल, गुरुराज गौदुर, नारायण बालगुरकी, एम. निरंजन और कबीर को शामिल किया गया है।

पार्टी ने सभी वामपंथी, प्रगतिशील और लोकतांत्रिक ताकतों से अपील की है कि वे इस महाधिवेशन के सफल आयोजन के लिए एकजुटता और सहयोग प्रदान करें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now