CPI (ML) Red Star का 13वां पार्टी महाधिवेशन 16 सितंबर से कर्नाटक के रायचूर में

भुवनेश्वर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी CPI (ML) Red Star का 13वां पार्टी महाधिवेशन 16 से 20 सितंबर 2026 तक कर्नाटक के रायचूर में आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय पार्टी की केंद्रीय समिति की उस महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया, जो 1 से 5 फरवरी 2026 तक ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में संपन्न हुई।

पार्टी के महासचिव पी. जे. जेम्स ने बताया कि यह महाधिवेशन ऐसे समय में आयोजित हो रहा है, जब देश आरएसएस जैसे दुनिया के सबसे पुराने और बड़े फासीवादी संगठन के प्रभाव में है।

पार्टी का आरोप है कि वर्तमान दौर में देश के संसाधन और पूरी अर्थव्यवस्था चंद भ्रष्ट क्रोनी पूंजीपतियों के कब्जे में जा चुकी है, जिनका सत्ताधारी भाजपा-आरएसएस के साथ गहरा गठजोड़ है। इसका सबसे ज्यादा असर मेहनतकश जनता पर पड़ा है।

भाकपा (मा-ले) रेड स्टार ने कहा है कि आरएसएस-भाजपा की राजनीति अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुसलमानों को निशाना बनाकर उन्हें नागरिक अधिकारों से वंचित करने और लगातार प्रताड़ित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। वहीं ब्राह्मणवादी-सनातनी जाति व्यवस्था के तहत दलित समाज आज भी मानवीय गरिमा से वंचित है और जातिवादी हिंसा झेल रहा है।

पार्टी ने महिलाओं और अन्य उत्पीड़ित तबकों पर भी अभूतपूर्व हमलों का आरोप लगाया है।

पार्टी का कहना है कि जिन राज्यों में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकारें हैं, वहां राजकीय दमन और अधिक भयावह रूप ले चुका है, जिसमें ओडिशा का उदाहरण भी दिया गया।

केंद्रीय समिति ने कहा कि भाकपा (मा-ले) रेड स्टार वर्ष 2014 से ही धार्मिक अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और अन्य शोषित-उत्पीड़ित वर्गों को एकजुट कर फासीवाद के खिलाफ संघर्ष कर रही है। 13वें महाधिवेशन का मुख्य उद्देश्य ‘अखिल भारतीय फासीवाद-विरोधी कार्यभार’ को केंद्र में रखना होगा।

महाधिवेशन की तैयारी के तहत पार्टी ने सदस्यों के बीच व्यापक चर्चा के लिए ‘मसौदा मूलभूत दस्तावेज़ों’ और ‘राजनीतिक प्रस्ताव’ को अंतिम रूप दे दिया है।

केंद्रीय समिति की बैठक में कई अहम राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें मुसलमानों को लक्षित करने वाले एसआईआर (SIR), व्यापारिक समझौतों के जरिए अमेरिकी साम्राज्यवाद के समक्ष मोदी सरकार के आत्मसमर्पण का आरोप, कॉरपोरेट समर्थक केंद्रीय बजट, यूजीसी के समतापूर्ण (इक्विटी) विनियमों पर सर्वोच्च न्यायालय की रोक, मनरेगा को समाप्त करने की कथित साजिश और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र को निजी व बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए खोलने जैसे मुद्दे शामिल रहे।

पार्टी ने देश की तमाम क्रांतिकारी, वामपंथी, जनवादी ताकतों और न्यायप्रिय नागरिकों से अपील की है कि वे देश के इस गंभीर संकट काल में 13वें पार्टी महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग और समर्थन दें।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now