नई दिल्ली। देश के नए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे। 15वें उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आज मतदान हुआ था। एनडीए राधाकृष्णन का मुकाबला इंडिया ब्लाक समर्थित उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी से था। चुनाव में 98.3 प्रतिशत मतदान हुआ और मतगणना शाम छह बजे से जारी थी।
मतदान के आंकड़े आने के बाद साफ हुआ कि 12 वोट नहीं डाल पाए। 15 वोट इनवैलिड करार दिए गए। कुल वोट 781 थे जो डाले जाने थे। पड़े वोट 768 हैं।
सीपी राधाकृष्णन को कुछ 452 वोट मिले, वहीं बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव में 152 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
इस जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सी.पी. राधाकृष्णन को बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।”
नतीजों के बाद विपक्ष के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि वह नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को उनके नए कार्यकाल के लिए बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही नतीजे उनके पक्ष में नहीं आए, लेकिन वैचारिक संघर्ष और उत्साह के साथ आगे बढ़ेगा।
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने एनडीए के उम्मीदवार राधाकृष्णन को उनकी जीत पर बधाई दी, लेकिन साथ ही विपक्षी उम्मीदवार के संघर्ष को सैद्धांतिक और वैचारिक बताया।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि हम सी.पी. राधाकृष्णन को उनकी जीत के लिए शुभकामनाएं देते हैं। इसके साथ ही, हम बी. सुदर्शन रेड्डी के जुनून और सिद्धांतों के लिए किए गए संघर्ष की सराहना करते हैं। यह चुनाव केवल एक पद के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा के लिए लड़ा गया था।
12 सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में कुल 768 सांसदों ने अपने वोट डाले। दोनों सदनों को मिलाकर वर्तमान में 7 सीटें खाली हैं, जिसके चलते कुल 781 सांसदों को मतदान करना था। हालांकि, 12 सांसद वोटिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए।
इनमें बीआरएस के 4, बीजेडी के 7 और अकाली दल के 1 सांसद शामिल हैं। दूसरी ओर, एनडीए के सभी 427 सांसदों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में कुल 788 सदस्य होते हैं, जिनमें 245 राज्यसभा और 543 लोकसभा के सांसद शामिल हैं। इसके अलावा, राज्यसभा के 12 मनोनीत सदस्य भी वोट डालने के हकदार हैं।
चुनाव में 98 फीसदी मतदान हुआ। शाम पांच बजे वोटिंग खत्म होने के बाद, छह बजे से मतों की गिनती शुरू हुई। देर शाम नतीजों की घोषणा हुई, जिसमें एनडीए उम्मीदवार को 452 वोट और विपक्ष के उम्मीदवार को 300 वोट मिले। कुल 767 वोट पड़े, जिनमें 752 वैध और 15 अवैध थे।
कांग्रेस ने दावा किया था कि उनके उम्मीदवार के पक्ष में 315 सांसदों ने वोट दिया। बीआरएस और बीजेडी ने इस चुनाव में हिस्सा नहीं लिया, जबकि बीआरएस के चार और बीजेडी के सात सांसद राज्यसभा में हैं। इसके अलावा, अकाली दल के सांसद ने बाढ़ की वजह से वोटिंग में भाग लेने से इनकार कर दिया।
खबर अपडेट हो रही है…







