रायपुर। छत्तीसगढ़ में गाय को लेकर BJP की राजनीति और सरकार की जमीनी व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है। जिस गौमाता के संरक्षण को भाजपा लंबे समय से अपने राजनीतिक एजेंडे का अहम हिस्सा बताती रही है, उसी गौवंश को राजधानी रायपुर में मंत्रियों के सरकारी बंगलों के आसपास पिटाई करने का वीडियो सामने आया है।
वीडियो में कुछ लोग गौवंश को डंडों से पिटाई कर काऊ कैचर वाली गाड़ी में जबरन बैठाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में मंत्रियों के बंगलों के बाहर पहुंचे गौवंश को वहां से हटाने के लिए कथित तौर पर डंडों का इस्तेमाल करते हुए भगाया जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
दावा किया जा रहा है कि यह कार्रवाई नवा रायपुर में मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य मंत्रियों के बंगलों के आसपास मौजूद गौवंश को हटाने के लिए की गई।
दरअसल, नया रायपुर सहित राजधानी के अलग-अलग इलाकों और मंत्रियों के बंगलों के आसपास आवारा गौवंश की मौजूदगी भी लंबे समय से नगर निगम और प्रशासन के लिए चुनौती रही है।
यातायात, दुर्घटनाओं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिहाज से सड़कों तथा वीआईपी क्षेत्रों से पशुओं को हटाने की कार्रवाई प्रशासन की जिम्मेदारी का हिस्सा हो सकती है। लेकिन, हाल ही में हुई कार्रवाई के दौरान पशुओं के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया, यही वीडियो के बाद चर्चा का मुख्य विषय बन गया है।










