रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन रायपुर में किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर 20 जून से 29 जून 2026 तक चलेगा। इस शिविर में Rahul Gandhi भी शामिल होंगे।
प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी भी रह सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी किसी एक सत्र में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि उनकी यात्रा को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
जारी सूचना के अनुसार प्रशिक्षण शिविर का आयोजन श्री आशुतोष-अल्का अग्रवाल मंगल भवन, चांदी मोड़, अभनपुर जिला रायपुर में किया जाएगा। सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को 20 जून की शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे इस शिविर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा, जनसंपर्क अभियान, चुनावी रणनीति और संगठनात्मक प्रबंधन से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम एआईसीसी के संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है, जिसके माध्यम से हाल ही में नियुक्त जिलाध्यक्षों को संगठन संचालन की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
कांग्रेस के भीतर इस शिविर को संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति को लेकर भी इस दौरान विस्तृत चर्चा हो सकती है।









