बिजली कटौती पर कांग्रेस का हल्लाबोल, बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंचकर दी आंदोलन की चेतावनी

Power Cut

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती (Power Cut) को लेकर कांग्रेस ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं ने CSPDCL दफ्तर पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

बैठक में CSPDCL के अधिकारी संजीव सिंह और शहर के सभी जोन के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने शहर के अलग-अलग इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने, लो-वोल्टेज और खराब बिजली सप्लाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस भाजपा के सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के घरों के बाहर धरना प्रदर्शन करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। गर्मी के मौसम में लगातार बिजली बंद होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय डगनिया बिजली ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ चुके हैं। उस दौरान डगनिया और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमित बिजली सप्लाई की मांग की थी।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा था कि लगातार बिजली कटौती से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और भीषण गर्मी में हालात और खराब हो गए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा है कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा और शिव सिंह ठाकुर सहित शहर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now