लेंस डेस्क। अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना(Pakistan Navy) के एक जहाज और भारतीय नौसेना के जहाज के बीच टक्कर हो गई है। इस घटना से दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया है। भारत और पाकिस्तान दोनों ने एक-दूसरे के अधिकारियों को तलब कर विरोध जताया है।
यह घटना अरब सागर में पाकिस्तान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के पास अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में हुई। टक्कर के बाद पाकिस्तानी जहाज को काफी नुकसान पहुंचा। उसे अपना मिशन छोड़कर बंदरगाह वापस लौटना पड़ा। भारतीय जहाज सुरक्षित रहा।
पाकिस्तान के अनुसार टक्कर भारत के आईएनएस कोलकाता और पाकिस्तान के पीएनएस हुनैन के बीच हुई। पीएनएस हुनैन यारमूक क्लास का कार्वेट है, जो 2024 में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल हुआ था। पाकिस्तान का दावा है कि उसका जहाज सीस्पार्क-26 नाम के नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा ले रहा था।
भारत का क्या कहना है?
भारत का कहना है कि पाकिस्तानी जहाज लापरवाही बरत रहा था। भारतीय जहाज ओमान की खाड़ी से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए तैनात था। पाकिस्तानी जहाज बार-बार भारतीय जहाज का पीछा कर रहा था। उसे कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उसने अनदेखी की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तानी जहाज ने तेज रफ्तार से दाहिनी ओर से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिसकी वजह से दोनों जहाज टकरा गए। भारत ने इसे सोची-समझी कार्रवाई बताया है। भारतीय कप्तान ने संयम बरता और बड़े हादसे को टालने के कदम उठाए।
पाकिस्तान का पक्ष
पाकिस्तान का कहना है कि भारतीय जहाज ने उसके नौसैनिक जहाज के बेहद करीब आकर आक्रामक युद्धाभ्यास किया, जिससे टक्कर हुई। पाकिस्तान ने भारत पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाया है। यह घटना 1991 में हुए द्विपक्षीय समझौते का उल्लंघन है। समझौते के अनुसार दोनों देशों के नौसैनिक जहाजों को अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में एक-दूसरे से कम से कम तीन नॉटिकल मील की दूरी रखनी होती है। भारत का आरोप है कि पाकिस्तानी जहाज ने इस नियम को तोड़ा।
राजनयिक प्रतिक्रिया
भारत ने नई दिल्ली में पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स को तलब कर कड़ा विरोध जताया। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान की हरकत को अस्वीकार्य बताया।
इसके कुछ घंटे बाद पाकिस्तान ने भी भारतीय अधिकारी को तलब किया और भारत से ऐसी कार्रवाई से बचने का आग्रह किया।
भारतीय जहाज पूरी तरह सुरक्षित रहा। पाकिस्तानी जहाज के कुछ हिस्से में दरार पड़ गई थी। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी जहाज पर सवार कुछ लोग घायल हुए थे। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। आगे की जांच और राजनयिक बातचीत से ही स्थिति साफ होगी।












