रायपुर । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र की मौत हो गई। गुरुवार सुबह कमरा नंबर 16 में छात्र का शव मिला। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार के रूप में हुई है। वह ग्राम रीवागहन खेरथा का रहने वाला था। सुबह विद्यालय में पीटी का आयोजन हुआ था, जिसमें विनय शामिल नहीं हुए। पीटी के बाद अन्य छात्रों के कमरे लौटने पर घटना का पता चला।
डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे। पुलिस पंचनामा कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। छात्र के साथियों, विद्यालय प्रबंधन और परिजनों से पूछताछ चल रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही परिस्थितियों का पता चल सकेगा।










