कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट का कंट्रोल लौटा, फाउंडर ने रिजिजू से पूछा- भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों कह रहे?

CJP

लेंस न्यूज। सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चाओं में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी कि CJP एक बार फिर सुर्खियों में है। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से रिकवर हो गया है। अकाउंट वापस मिलने के बाद अभिजीत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘हम वापस आ गए हैं… तुम भूल गए थे कि हम जिंदा रहने के लिए क्या कर सकते हैंI‘

इस पोस्ट के साथ उन्होंने कॉकरोच की तस्वीर भी शेयर की। इससे पहले शनिवार को अभिजीत ने दावा किया था कि उनका पर्सनल और पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया था।

अभिजीत दीपके ने रविवार को X पर अपने इंस्टाग्राम फॉलोअर्स का डेटा भी साझा किया। उन्होंने दावा किया कि उनके 94 प्रतिशत से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं। इसी के साथ उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से सवाल पूछा कि भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों कहा जा रहा है।

दरअसल, रिजिजू ने हाल ही में X पर बिना नाम लिए एक पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस नेटवर्क से फॉलोअर्स जुटाते हैं, जबकि भारत में ही पर्याप्त युवा मौजूद हैं। रिजिजू के इसी बयान को अभिजीत और उनके समर्थक CJP से जोड़कर देख रहे हैं।

अभिजीत दीपके ने शनिवार को आरोप लगाया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट भी बंद कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि वेबसाइट पर करीब 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 6 लाख लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे।

हालांकि रविवार तक भी वेबसाइट बंद रही। वेबसाइट खोलने पर This site can’t be reached का मैसेज दिखाई दे रहा है।

अकाउंट हैकिंग विवाद के बीच भी CJP के सोशल मीडिया फॉलोअर्स तेजी से बढ़ते रहे। रविवार दोपहर तक इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स 2.27 करोड़ तक पहुंच गए। वहीं X पर अभिजीत दीपके के व्यक्तिगत अकाउंट के फॉलोअर्स भी 2 लाख से ज्यादा हो चुके हैं।

कौन हैं अभिजीत दीपके?

30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और फिलहाल अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट के तौर पर काम कर चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान वे मीम आधारित डिजिटल कैंपेन तैयार करने वाली टीम का हिस्सा थे।

अभिजीत लंबे समय से किसान आंदोलन, महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों जैसे मुद्दों पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी राय रखते रहे हैं। अब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के जरिए उनका डिजिटल कैंपेन राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के वायरल मुवमेंट में पेज का नाम बदलने की आंधी, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर शुरू हुआ कैम्पेन

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now