पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रूजवेल्ट का उदाहरण देकर आनंद मोहन का डीएम हत्याकांड में रिहाई का आदेश रद

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को 1994 में गोपालगंज के जिला मजिस्ट्रेट जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन (Anand Mohan) को सजा में छूट देने के बिहार सरकार के 2023 के फैसले को रद्द कर दिया है।
कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने पाया कि सजा माफी नीति में 2023 में किया गया वह संशोधन असंवैधानिक था, जिसके तहत लोक सेवकों (पब्लिक सर्वेंट्स) की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा पाए व्यक्तियों के सजा माफी मांगने पर लगी रोक को हटा दिया गया था।

कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार याचिकाकर्ता (दिवंगत अधिकारी की विधवा) को सुनवाई का अवसर देने के बाद, सजा माफी पर विचार करने के लिए नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने के लिए स्वतंत्र है।

रिट याचिका को स्वीकार कर लिया

जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने आईएएस अधिकारी की विधवा उमा कृष्णैया द्वारा दायर रिट याचिका को स्वीकार कर लिया। आईएएस अधिकारी की हत्या मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ के हमले के बाद हुई थी।

इस अपराध के लिए मोहन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, बिहार सरकार द्वारा दी गई सजा की छूट के मद्देनजर वह 14 साल की कैद काटने के बाद 24 अप्रैल, 2023 को जेल से बाहर आ गए थे।

अमेरिकी राष्ट्रपति का उदाहरण

जस्टिस दत्ता ने फैसले की शुरुआत अमेरिकी राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट के इस उद्धरण के साथ की कि न्याय के लिए धर्म (सच्चाई) का पक्ष लेना आवश्यक है, न कि सही और गलत के बीच मूकदर्शक बने रहना। कोर्ट को सत्य की खोज करने और कानून में अधिकारों को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

पीठ ने माना कि सजा माफी पर कोई भी निर्णय लेने से पहले पीड़ित पक्ष को सुनवाई का अवसर दिया जाना चाहिए, हालांकि पीड़ित की आपत्ति को ‘वीटो’ (निर्णय रोकने का अंतिम अधिकार) नहीं माना जा सकता।

कोर्ट ने यह भी माना कि बिहार सरकार द्वारा अप्रैल 2023 में सजा माफी नीति में किया गया संशोधन, जिसमें ड्यूटी पर तैनात लोक सेवकों की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा पाए लोगों को छूट मांगने की अनुमति दी गई थी, असंवैधानिक था।

अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन

कोर्ट ने कहा कि यह संशोधन “बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या नेकनीयती (बोनाफाइड) को दर्शाए अचानक किया गया बदलाव” था, और राज्य इसके पीछे “कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य” स्थापित करने में विफल रहा है। इसलिए, इस संशोधन को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन घोषित किया गया।

बिहार राज्य की सजा माफी नीति के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात लोक सेवकों की हत्या के दोषी व्यक्ति तब तक समय से पहले रिहाई के पात्र नहीं थे, जब तक कि वे कम से कम 20 साल की सजा पूरी न कर लें। हालांकि, राज्य सरकार ने अप्रैल 2023 में सजा माफी नीति में संशोधन के माध्यम से इस रोक को हटा दिया था, जिससे आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ हो गया था।

बिहार जेल मैनुअल, 2012 के नियम 481(1)(a) में संशोधन

उमा कृष्णैया ने बिहार गृह विभाग (कारा) द्वारा 10 अप्रैल, 2023 को जारी उस परिपत्र (सर्कुलर) को चुनौती दी थी, जिसमें बिहार जेल मैनुअल, 2012 के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया गया था। इस संशोधन के अनुसार “ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या” के दोषी व्यक्ति भी सजा माफी के पात्र हो गए थे। उन्होंने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को भी चुनौती दी थी।

राज्य सरकार के फैसले को राजनीतिक या अन्य कारणों) से लिया गया बताते हुए, याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि कैदी के जेल में आचरण और पिछले आपराधिक रिकॉर्ड जैसे प्रासंगिक कारकों को नजरअंदाज किया गया है।

आगे यह भी तर्क दिया गया कि मोहन की रिहाई की सुविधा के लिए राज्य की सजा माफी नीति में संशोधन सार्वजनिक नीति के विपरीत है और इससे लोक सेवकों का मनोबल गिरेगा। यह तर्क दिया गया कि अपराध के समय जो नीति प्रचलित थी, उसी को लागू किया जाना चाहिए।

16 जुलाई को फैसला सुरक्षित रख लिया था

सुप्रीम कोर्ट ने 16 जुलाई को फैसला सुरक्षित रख लिया था और मौखिक रूप से टिप्पणी की थी कि वह पटना हाईकोर्ट की इस टिप्पणी से व्यथित है कि किसी लोक सेवक की हत्या ‘दुर्लभतम से दुर्लभ’ (रेयरेस्ट ऑफ द रेयर) श्रेणी में नहीं आती है; कोर्ट ने कहा कि इससे वास्तव में अपराधियों को लोक सेवकों के खिलाफ अपराध करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now