स्कूलों में हिजाब पहनने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बैन मिसाल नहीं बन सकता, बोला सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में कहा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट का 21 अगस्त का फैसला, जिसमें स्कूल (School) की कक्षाओं में हिजाब पहनने पर प्रतिबंध को बरकरार रखा गया था, मिसाल के रूप में नहीं माना जाएगा। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली अपील पर उत्तर प्रदेश राज्य को नोटिस जारी करते हुए यह टिप्पणी की।कोर्ट ने इस मामले को कर्नाटक हिजाब बैन मामले से उत्पन्न लंबित अपीलों के बैच के साथ जोड़ दिया।

पीठ ने अपने 20 नवंबर के आदेश में दर्ज किया कि“याचिका दायर करने की अनुमति दी जाती है। नोटिस जारी किया जाए। सिविल अपील संख्या 7095/2022 के साथ जोड़ा जाए और इस फैसले को मिसाल के रूप में नहीं माना जाएगा।”

सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपील हाई कोर्ट के 21 अगस्त के फैसले के खिलाफ दायर की गई थी। हाई कोर्ट ने स्कूल द्वारा कक्षाओं में सिर ढकने वाले कपड़े (हिजाब) पर लगाए गए प्रतिबंध को बरकरार रखा था और फैसला दिया था कि हिजाब पहनना इस्लाम में अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है।

उस फैसले में इलाहाबाद हाई कोर्ट की खंडपीठ न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर और न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला ने एक मुस्लिम छात्रा सुकैना रिजवी की याचिका खारिज कर दी थी। सुकैना रिजवी ने प्रयागराज के अतरसुइया स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में निर्धारित यूनिफॉर्म के साथ हिजाब पहनने की अनुमति देने का निर्देश मांगा था।

याचिकाकर्ता ने कहा था कि वह कक्षा VI में स्कूल जॉइन करने के समय से ही हिजाब पहनती रही है, लेकिन कक्षा XI में प्रवेश इसलिए नहीं दिया गया क्योंकि हिजाब पहनना स्कूल के ड्रेस कोड का उल्लंघन था।हाई कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि कोई आधिकारिक धार्मिक ग्रंथ या सामग्री रिकॉर्ड पर नहीं रखी गई जिससे यह साबित हो कि कक्षा के अंदर हिजाब पहनना संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत अनिवार्य धार्मिक प्रथा है। कोर्ट ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 2022 के विभाजित फैसले के बाद अंतिम आधिकारिक फैसला न आने की स्थिति में कर्नाटक हाई कोर्ट की पूर्ण पीठ का फैसला, जिसमें शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पर प्रतिबंध को बरकरार रखा गया था, अभी भी प्रेरक मूल्य रखता है।

हाई कोर्ट ने आगे कहा कि निचली कक्षाओं में स्कूल द्वारा पहले कोई कार्रवाई न करना या सहनशीलता बरतना उच्च कक्षाओं में यूनिफॉर्म ड्रेस कोड लागू करने के खिलाफ एस्टॉपल पैदा नहीं करता। कोर्ट ने कहा कि यूनिफॉर्म नीति अनुशासन, समानता और धर्म-निरपेक्ष माहौल को बढ़ावा देती है।इस फैसले को चुनौती देते हुए मुस्लिम वुमेन्स स्टडी सर्कल ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

सुप्रीम कोर्ट ने स्कूल और उत्तर प्रदेश सरकार से जवाब मांगा, अपील को लंबित कर्नाटक हिजाब बैच के साथ जोड़ा और आदेश दिया कि इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला मिसाल के रूप में नहीं माना जाएगा।
याचिकाकर्ता की ओर से सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता मोहम्मद निजामुद्दीन पाशा, रश्मि सिंह, सुभान शंकर गोगोई, आरिफ अली, औस्तिका दास और प्रियांशा शर्मा पेश हुए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now