MP के मुख्य सचिव अनुराग जैन को रिटायरमेंट से तीन दिन पहले मिला सेवा विस्‍तार

August 28, 2025 10:09 PM
Chief Secretary Anurag Jain

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को एक साल का सेवा विस्तार मिला है। वह 31 अगस्त को रिटायर होने वाले थे, लेकिन रिटायरमेंट से कुछ दिन पहले गुरुवार को केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण मंत्रालय ने उनके कार्यकाल को एक वर्ष और बढ़ाने का आदेश जारी किया। अब वह अगस्त 2026 तक अपने पद पर बने रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जैन को इस सेवा विस्तार के लिए बधाई दी।

इससे पहले भी मध्य प्रदेश में कई मुख्य सचिवों को सेवा विस्तार मिल चुका है। इकबाल सिंह बैंस को नवंबर 2022 में रिटायरमेंट के अंतिम दिन छह महीने का विस्तार दिया गया था।

इसके बाद सितंबर 2023 में उनके विस्तार की अवधि समाप्त होने से पहले वीरा राणा को प्रभारी मुख्य सचिव बनाया गया। राणा को भी तीन सप्ताह पहले छह महीने का विस्तार मिला। सितंबर 2024 में राणा का कार्यकाल खत्म होने के दिन ही अनुराग जैन को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया और अब उन्हें रिटायरमेंट से ठीक पहले एक साल का विस्तार दिया गया है।

अनुराग जैन को उन अधिकारियों में गिना जाता है, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नजदीकी से काम किया है। वह पहले प्रधानमंत्री कार्यालय में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और प्रशासनिक हलकों में उन्हें प्रधानमंत्री के भरोसेमंद अधिकारी के रूप में देखा जाता है। उनके सेवा विस्तार की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी।

चर्चा है कि यदि विस्तार नहीं मिलता, तो उनके अनुभव का उपयोग केंद्र सरकार में किसी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए किया जा सकता था। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ही जैन के सेवा विस्तार के लिए प्रस्ताव रखा और इस दिशा में पहल की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now