मन की बात में छत्तीसगढ़ की गूंज: मल्हार की ऐतिहासिक खोज और धावक अनिमेष कुजूर का प्रधानमंत्री ने किया उल्लेख

Mann Ki Baat

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 134वें संस्करण में छत्तीसगढ़ का दो बार उल्लेख किया। उन्होंने एक ओर राज्य की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी मल्हार की ऐतिहासिक खोज का जिक्र किया, तो दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे युवा एथलीट अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत देशभर में प्राचीन पांडुलिपियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को संरक्षित करने का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मल्हार में एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक खोज हुई है।

उन्होंने बताया कि यहां तीन दुर्लभ ताम्र पट्टिकाएं मिली हैं, जिन्हें पांडववंशी राजवंश के शासक महर्षि बालार्जुन के शासनकाल से जुड़ा माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार ये अभिलेख छठी-सातवीं शताब्दी के हैं और लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुराने हैं। इन पर प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लेख अंकित हैं, जो उस दौर के इतिहास, प्रशासन और सामाजिक व्यवस्था को समझने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों का भी किया उल्लेख

मन की बात में प्रधानमंत्री ने भारतीय एथलेटिक्स में बन रहे नए रिकॉर्डों की चर्चा करते हुए 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महज दो दिनों के भीतर पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा और इसमें गुरविंदरवीर सिंह तथा छत्तीसगढ़ मूल के धावक मन का अहम योगदान रहा।

कार्यक्रम में अनिमेष कुजूर ने भी प्रधानमंत्री से संवाद किया। उन्होंने कहा, ‘नमस्ते सर, मेरा नाम अनिमेष कुजूर है। मैं 200 मीटर और 400 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हूं और मैं छत्तीसगढ़ से आता हूं। अभी मैं ओडिशा से खेलता हूं। पिछले साल मैं एशियन मेडल और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स का मेडल जीतकर आया। मैंने 2021 में स्कूल पास करने के बाद एथलेटिक्स शुरू किया था।’

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण

एक ही कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत और खेल प्रतिभा, दोनों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख होने को राज्य के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। मल्हार की पुरातात्विक खोज जहां प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान दे रही है, वहीं अनिमेष कुजूर जैसे युवा खिलाड़ी देश के खेल मानचित्र पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं।

मन की बात के 134वें संस्करण में छत्तीसगढ़ की इस दोहरी मौजूदगी ने राज्य को राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

यह भी पढ़ें: रायपुर एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से दो फ्लाइट नागपुर डायवर्ट; कंपनी ने कहा- एक हफ्ते में एयर फेयर वापस लीजिए या कैब से जाइये रायपुर

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now