रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पूजा का आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने उनसे लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपए दहेज में मांगे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्हें प्रताड़ित किया गया। रायपुर महिला थाने में पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
शादी के दूसरे दिन से प्रताड़ना का आरोप
शिकायत के मुताबिक, पूजा की शादी जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर निवासी मनोज बंजारे से हुई थी। आरोप है कि शादी के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे। जनवरी 2025 में पति ने मायके की जमीन बेचकर करोड़ों रुपए लाने का दबाव बनाया। रकम नहीं मिलने पर मारपीट करने का भी आरोप है।
बच्चे के जन्म के बाद मायके छोड़ा
पूजा का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान भी उन्हें प्रताड़ित किया गया। मई 2025 में समय से पहले बच्चे के जन्म के बाद पति उन्हें नवजात के साथ मायके छोड़ आया। शिकायत में अप्रैल और सितंबर 2026 में पति और उनके भाइयों पर मायके आकर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
समझौता नहीं होने पर FIR दर्ज
परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद महिला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल ये आरोप शिकायत के आधार पर हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद होगी।









