कांग्रेस का विधानसभा घेराव आज, मनरेगा बचाओ संग्राम, गैस किल्लत और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरेगी

March 17, 2026 3:03 PM
Chhattisgarh Congress

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस (Chhattisgarh Congress) आज अलग-अलग मुद्दों  को लेकर विधानसभा का घेराव करेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम, बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों से कथित धोखा, धान खरीदी में वादाखिलाफी, गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि, बिगड़ती कानून व्यवस्था और प्रदेश में नशे की खेती व कारोबार जैसे मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा।

कांग्रेस विधानसभा घेराव का कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। केनाल रोड भारत माता चौक के पास एक आम सभा होगी। उसके बाद कांग्रेसी विधान सभा की और कूच करेंगे ।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी महासचिव सचिन पायलट सहित सह-प्रभारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। विधानसभा घेराव के लिए जिलेवार और विधानसभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति भी की जा चुकी है।

दीपक बैज ने बताया कि 17 मार्च को राजधानी रायपुर में शंकर नगर स्थित पहुना के पहले केनाल रोड पर भारत माता चौक से कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे विधानसभा की ओर कूच करेंगे। इस प्रदर्शन में करीब 30 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है।

दीपक बैज ने बीजापुर जिले के एक शासकीय छात्रावास में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दुराचार की घटना को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से पालकों का भरोसा टूटा है और मानवता शर्मसार हुई है। आरोप है कि घटना के बाद आश्रम प्रबंधन ने मामले को छुपाने के लिए पीड़ित बच्चियों को घर भेज दिया, जबकि पाक्सो एक्ट की धारा 19 के तहत तत्काल पुलिस को सूचना देना अनिवार्य था।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद सरकारी आश्रमों में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। इससे पहले बीजापुर के पोटा केबिन, सुकमा और कोरबा में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बैज ने कहा कि कांग्रेस इस मामले की जांच के लिए अपना जांच दल भेजेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी। साथ ही उन्होंने सभी छात्रावासों की सुरक्षा की समीक्षा और महिला पुलिस द्वारा नियमित निगरानी की मांग भी की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के कई जिलों में रसोई गैस की कमी की स्थिति बन गई है। गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतारें लग रही हैं और बुकिंग नंबर बंद होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस समस्या को स्वीकार करने के बजाय इसे अफवाह बता रही है।

बैज ने कहा कि कमर्शियल गैस की सप्लाई अचानक बंद होने से घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग बढ़ सकता है और कालाबाजारी की स्थिति बन सकती है। इससे होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं तथा पके हुए भोजन के दाम बढ़ने की आशंका है।

दीपक बैज ने कहा कि राज्य की राजधानी अपराध का गढ़ बनती जा रही है। लूट, चाकूबाजी, हत्या, चोरी और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने हाल ही में राजधानी में हुई गैंगवार और इंद्रप्रस्थ नगर में घर में घुसकर दो भाइयों पर हमले की घटना का भी जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव के कारण उसका मनोबल कमजोर हुआ है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। बैज ने कहा कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बावजूद अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है और कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

यह भी पढ़ें: राजधानी में दो युवकों पर चाकू से हमला, बाद में हमलावरों के घर वालों ने तलवार लहराई, मंदिर के सामने खड़े युवकों पर पथराव

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now