छत्तीसगढ़ बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में संध्या, परीरानी, अंशुल और 12वीं में जिज्ञासु वर्मा ने किया टॉप

April 29, 2026 7:46 PM
Chhattisgarh Board Result

रायपुर। रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार 12वीं में 83.04 प्रतिशत और 10वीं में 77.15 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। दोनों कक्षाओं के टॉपर्स को राज्य सरकार ने 1.5 लाख रुपये देने की घोषणा की है।

हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिज्ञासु वर्मा ने 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। वे बलौदाबाजार जिले के पलारी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र हैं।

दूसरे स्थान पर ओमनी वर्मा रहीं, जिन्होंने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वे बेमेतरा जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल की छात्रा हैं। तीसरे स्थान पर कृष महंत रहे। रायगढ़ जिले के गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र कृष महंत ने 97.80 प्रतिशत अंक हासिल किए।

टॉपर जिज्ञासु वर्मा ने कहा कि वे आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहते हैं। उनके पिता किराना दुकान चलाते हैं। वहीं मेरिट सूची में 8वीं रैंक हासिल करने वाली हिमशिखा गुप्ता ने बताया कि उन्होंने स्कूल के साथ-साथ यू ट्यूब और चैट जीपीटी की मदद से पढ़ाई की।

12वीं में लड़कियों ने फिर बेहतर प्रदर्शन किया। लड़कियों का रिजल्ट 86.04 प्रतिशत, जबकि लड़कों का 78.86 प्रतिशत रहा। परीक्षा में करीब 2.44 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें लगभग 2.02 लाख पास हुए।

हाईस्कूल परीक्षा में महासमुंद जिले की दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। संध्या नायक, परीरानी प्रधान और अंशुल शर्मा ने 594 अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया।

संध्या नायक एकलव्य इंग्लिश स्कूल की छात्रा हैं और किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने भविष्य में डिप्टी कलेक्टर बनने की इच्छा जताई। परीरानी प्रधान एकलव्य स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करने की बात कही।

अंशुल शर्मा के पिता इंश्योरेंस एडवाइजर हैं। उन्होंने 11वीं में मैथ्स लेकर जेईई की तैयारी करने की बात कही।

10वीं परीक्षा में करीब 3 लाख 21 हजार विद्यार्थी शामिल हुए थे। टॉप 10 मेरिट सूची में कुल 42 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। छत्तीसगढ़ बोर्ड के इस साल के नतीजों में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

देखें हाईस्कूल की मेरिट लिस्‍ट, तीन छात्र टॉप पोजीशन पर

10 की बोर्ड परीक्षा में तीन छात्रों ने पहले स्‍थान पर जगह बनाई। महासमुंद की छात्रा संध्या नायक, परिरानी प्रधान और मुंगेली के अंशुल शर्मा ने 600 में 594 अंक लाकर टॉप पर रहे।

रिजल्ट घोषित होते ही प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया। छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर दर्ज कर अपना परिणाम देख सकते हैं।

देखें 12वीं की मेरिट लिस्‍ट

इस साल बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। रिजल्ट जारी होने के साथ ही मेरिट सूची, पास प्रतिशत और जिलेवार प्रदर्शन की जानकारी भी सामने आई है।

टॉपर्स की सफलता पर शिक्षा विभाग, शिक्षकों और अभिभावकों ने खुशी जताई है। अब सफल विद्यार्थी उच्च शिक्षा और करियर की अगली तैयारी में जुटेंगे।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now