सरकारी अस्पताल में बची 9 साल की काव्या की जान, खेलते हुए आंख से दिमाग तक पहुंची थी घंटी

October 27, 2025 12:20 PM

CG News: दिवाली की रौनक भरी शाम बिलासपुर के सिविल लाइन्स इलाके में रहने वाले दीपक के घर में अचानक उदासी छा गई। उनकी 9 साल की बेटी काव्या पूजा की तैयारी के बीच दोस्तों के साथ खेल रही थी। दौड़ते हुए अचानक पैर फिसला और वह मुंह के बल गिर पड़ी। हाथ में पकड़ी छोटी सी घंटी का ऊपरी हिस्सा तेजी से उसकी बाईं आंख में घुस गया। चीख-पुकार मच गई, आंख से खून बहने लगा। घबराए माता-पिता ने फौरन उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत देखकर तुरंत रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर कर दिया। सीटी स्कैन से साफ पता चला कि घंटी का हैंडल आंख की हड्डी फोड़कर करीब 4-5 सेंटीमीटर अंदर दिमाग के ऊतकों तक पहुंच चुका था।

रायपुर पहुंचते ही डीकेएस अस्पताल की इमरजेंसी टीम ने कमान संभाली। दिवाली की रात होने के बावजूद न्यूरोसर्जन डॉ. राजीव साहू ने अपनी पूरी टीम के साथ सर्जरी शुरू की। इसमें डॉ. लवलेश राठौड़, डॉ. नमन चंद्राकर, डॉ. प्रांजल मिश्रा और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. देवश्री शामिल थे। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी तकनीक का इस्तेमाल किया ताकि दिमाग को कम से कम चोट लगे।

भौंह के पास छोटा सा चीरा लगाकर आंख के रास्ते दूरबीन से घंटी को सावधानी से अलग किया। चार घंटे की इस मुश्किल सर्जरी में हर पल सटीकता जरूरी थी क्योंकि जरा सी गलती से ब्रेन हेमरेज, लकवा या नजर जाने का खतरा था। सौभाग्य से घंटी नसों और रक्त वाहिकाओं से बचकर निकल गई।सर्जरी के बाद काव्या को आईसीयू में रखा गया, लेकिन अब वह खतरे से बाहर है।यह छत्तीसगढ़ में इतनी छोटी उम्र में आंख से दिमाग में घुसी चीज निकालने का पहला सफल केस है। बच्ची की दोनों आंखें सुरक्षित हैं और वह धीरे-धीरे सामान्य हो रही है

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now