रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 3200 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले को लेकर राजनांदगांव सांसद और प्रदेश भाजपा (BJP) के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार में प्रदेश में लूट मचाई गई और छत्तीसगढ़ को बदनाम किया गया। उन्होंने दावा किया कि शराब घोटाले में कांग्रेस के कई नेताओं की भूमिका रही है।
‘अलीबाबा चालीस चोर की तरह चल रहा था सिंडिकेट’
संतोष पांडेय ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल सरकार के दौरान पार्ट-बी शराब की अवैध बिक्री के जरिए सिंडिकेट चलाया गया। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का नाम लेते हुए कहा कि घोटाले में कई बड़े नेता शामिल हैं। पांडेय ने भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेस नेताओं की तुलना ‘अलीबाबा चालीस चोर’ से करते हुए पार्टी पर निशाना साधा।
कांग्रेस कार्यालयों को राजसात करने की मांग
भाजपा सांसद ने प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यालयों को राजसात करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के निर्माण में भी कथित काले धन का इस्तेमाल हुआ है। पांडेय ने कांग्रेस से राजीव भवन के निर्माण और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने तथा घोटाले में शामिल नेताओं पर कार्रवाई करने की मांग की।
हालांकि, राजीव भवन के निर्माण में घोटाले की रकम इस्तेमाल होने के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। शराब घोटाले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ अदालत में अंतिम फैसला आना बाकी है।









