बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार, नीतीश कुमार के बेटे निशांत समेत 32 मंत्री बने, PM मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल

Bihar Cabinet Expansion : बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के महज 22 दिन बाद गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया गया। गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 30 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और आरएलएसपी के दीपक प्रकाश भी शामिल हैं।

नई कैबिनेट का गठन

नई कैबिनेट में कुल 32 मंत्री शामिल किए गए हैं। पार्टीगत बंटवारा इस प्रकार है:

भाजपा: 15 मंत्री
जदयू: 13 मंत्री
LJP(R): 2 मंत्री
HAM और RLM: 1-1 मंत्री

पहले बैच में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह और दिलीप जायसवाल ने शपथ ली।

जदयू से 3 नए चेहरे: निशांत कुमार, बुलो मंडल और श्वेता गुप्ता
भाजपा से 5 नए चेहरे: मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र पासवान, अरुण शंकर प्रसाद, नंद किशोर राम और इंजीनियर शैलेंद्र

कैबिनेट में 5 महिला मंत्री शामिल हैं, जिनमें जदयू की 3 महिलाएं हैं। जातीय समीकरण को भी साधने की कोशिश दिखी, EBC से 10, OBC से 6, दलित से 7, सवर्ण से 9 और मुस्लिम समुदाय से 1 मंत्री बनाया गया है।

PM मोदी का पटना दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो के साथ पहुंचे। मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।समारोह के बाद प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भरा माहौल देखने को मिला। नीतीश कुमार ने पीएम मोदी के कंधे पर हाथ रखकर बात की जबकि पीएम मोदी ने उनका हाथ पकड़कर पास बिठाया।

परिवारवाद पर सवाल

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के पहली बार मंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही परिवारवाद को लेकर फिर से बहस छिड़ गई है। बिहार की राजनीति में परिवारवाद अभी भी मजबूत है। निशांत कुमार के अलावा, रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को भी दूसरी बार मंत्री बनाया गया है, हालांकि वे अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।

अन्य खास बातें

कार्यक्रम की शुरुआत में सीधे राष्ट्रगान बजाया गया, जबकि हाल ही में जारी सर्कुलर के अनुसार पहले ‘वंदे मातरम’ बजाना था। गांधी मैदान में तीन स्टेज बनाए गए थे और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। भाजपा कार्यालय के बाहर भजन-कीर्तन का माहौल रहा। सम्राट चौधरी की इस मेगा कैबिनेट विस्तार को NDA गठबंधन की एकजुटता और आगामी चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

बिहार के नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा आज शाम में। आज रात या कल सुबह में जारी किया जा सकता है नोटिफिकेशन। शाम में सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में विभागों का होगा बंटवारा ।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now