महादेव ऐप वाले सौरभ चंद्राकर से चैट को भूपेश बघेल ने बताया फर्जी, कहा- इस खबर के प्रायोजकों का नाम हमारे पास; पत्रकार को भी चेतावनी

Bhupesh Baghel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने सोशल मीडिया पर महादेव ऐप वाले सौरभ चंद्राकर से बातचीत की वायरल हो रही एक कथित चैट और खबर को फर्जी, मनगढ़ंत और फोटोशॉप से तैयार बताया है। उन्होंने इस मामले में न केवल कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है, बल्कि उन पत्रकारों को भी आगाह किया है जो बिना तथ्य जांचे इस खबर को प्रसारित कर रहे हैं।

दरअसल, सोशल मीडिया और कुछ पोर्टलों पर एक कथित चैट वायरल की जा रही थी, जिसमें महादेव बेटिंग ऐप मामले से जुड़े सौरभ चंद्राकर के साथ भूपेश बघेल की बातचीत होने का दावा किया जा रहा था। इसी आधार पर कई तरह के आरोप और दावे किए जा रहे थे।

इन दावों का जवाब देते हुए भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विस्तृत पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि सुबह से एक पोर्टल पर फोटोशॉप के आधार पर फर्जी खबर चलाई जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने उस इंस्टाग्राम अकाउंट का चैट बॉक्स भी साझा किया, जिसे वायरल चैट का आधार बताया जा रहा था।

भूपेश बघेल ने जो स्क्रीनशॉट शेयर किए, उसमें ‘sourabhchanndrakar’ नाम की इंस्टाग्राम प्रोफाइल दिखाई गई है। स्क्रीनशॉट में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि उस अकाउंट के साथ किसी प्रकार की बातचीत नहीं हुई है। प्रोफाइल पर ‘You don’t follow each other on Instagram‘ भी लिखा हुआ है और चैट विंडो में केवल एक स्टोरी मेंशन दिखाई दे रहा है।

भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में कहा कि इस फर्जी खेल को खेलने वालों को बता देना चाहते हैं कि इन खबरों के प्रायोजकों का नाम भी उनके पास पहुंच चुका है। उन्होंने संकेत दिया कि यह पूरी कवायद सुनियोजित तरीके से की गई है।

उन्होंने लिखा कि जो कथित पत्रकार इस षड्यंत्र में शामिल हो रहे हैं, वे भी चेत जाएं। जिम्मेदार मीडिया संस्थानों को बिना तथ्य जांचे किसी भी सामग्री का प्रसारण नहीं करना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस मामले में उनकी लीगल टीम आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने मीडिया संस्थानों को सलाह दी कि किसी भी खबर को चलाने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories