बस्तर के आईजी Sundarraj P को केंद्र सरकार ने दिया ईनाम, NIA में IG बनाए गए

Sundarraj P

रायपुर। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी (Sundarraj P) को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र सरकार ने उन्हें डेपुटेशन पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में आईजी के पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। अब छत्तीसगढ़ सरकार जल्द ही उन्हें कार्यमुक्त करेगी, जिसके बाद वे नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

सुंदरराज पी. छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों का एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। वे 20 नवंबर 2021 से बस्तर रेंज के आईजी के रूप में पदस्थ हैं। इससे पहले वे बस्तर रेंज के कांकेर में डीआईजी और एंटी नक्सल ऑपरेशन में डीआईजी के ताैर पर काम कर रहे थे। हालांकि उनका बस्तर से नाता इससे भी पुराना है। वर्ष 2005-06 में उन्होंने अविभाजित बस्तर में एएसपी के रूप में काम शुरू किया था और तब से वे लंबे समय तक इस क्षेत्र में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं।

बस्तर में अपने कार्यकाल के दौरान सुंदरराज पी. ने नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की रणनीति को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों को कई बड़ी सफलताएं मिलीं। नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में भी उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।

बताया जाता है कि सड़क, मोबाइल टावर और फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस (FOB) जैसे बुनियादी ढांचे के विस्तार में भी उन्होंने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। केंद्र सरकार द्वारा बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।

केंद्र सरकार के आदेश के बाद अब बस्तर रेंज में नए आईजी की नियुक्ति की तैयारी शुरू हो गई है। सुंदरराज पी. के NIA में जाने को उनके लंबे अनुभव और नक्सल विरोधी अभियानों में योगदान का सम्मान माना जा रहा है।

गौरतलब है कि NIA देश की प्रमुख आतंकवाद निरोधक और विशेष जांच एजेंसी है, जो आतंकवाद, उग्रवाद, संगठित अपराध और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच करती है। ऐसे में सुंदरराज पी. की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories