बांग्लादेश में एक और छात्र नेता को गोली मारी गई, अस्‍पताल में भर्ती

December 22, 2025 4:38 PM
Bangladesh violence

लेंस डेस्‍क। बांग्लादेश में छात्र राजनीति से जुड़े नेताओं पर हमलों का सिलसिला जारी है। 2024 के बड़े छात्र आंदोलन के प्रमुख नेता उस्मान हादी की मौत के कुछ दिन बाद ही आज सोमवार को एक और छात्र नेता को गोली मार दी गई।

बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख मो. मोतालेब सिकदर को खुलना शहर में गोली मार दी गई। हमलावरों ने उनके सिर को निशाना बनाया। मोतालेब एनसीपी के खुलना डिवीजनल प्रमुख और पार्टी की श्रमिक इकाई जातीय श्रमिक शक्ति के केंद्रीय आयोजक हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह लगभग 11:45 बजे हुई। गोली लगने के बाद मोतालेब को गंभीर हालत में खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। सोनाडांगा मॉडल थाने के जांच अधिकारी अनिमेश मंडल ने बताया कि गोली कान के पास से गुजरी और बाहर निकल गई। वर्तमान में उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

एनसीपी की स्थापना इसी साल 28 फरवरी को हुई थी। यह स्टूडेंट्स अगेंस्ट डिस्क्रिमिनेशन और जातीय नागरिक समिति के नेतृत्व में बनी बांग्लादेश की पहली छात्र-प्रधान राजनीतिक पार्टी है। पार्टी का गठन पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद हुआ।

उस्मान हादी की मौत ने भड़काई हिंसा

इससे पहले, 2024 के छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरे शरिफ उस्मान हादी (32 वर्ष) की 18 दिसंबर को मौत हो गई। उन्हें 12 दिसंबर को ढाका में मस्जिद से निकलते समय गोली मारी गई थी। इलाज के लिए उन्हें 15 दिसंबर को सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जिकल आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, लेकिन वे बच नहीं सके।

पुलिस का कहना है कि हादी की हत्या के मुख्य संदिग्धों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है। उनकी पार्टी इंकिलाब मंच ने एक दिन पहले अंतरिम सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि हत्यारों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए।

उस्मान हादी की मौत के बाद कई शहरों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग के आवास पर पथराव भी किया गया। शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच हादी का अंतिम संस्कार ढाका विश्वविद्यालय के पास, राष्ट्रीय कवि काज़ी नजरुल इस्लाम की कब्र के निकट किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now