Asha Bhosle Funeral: भारतीय संगीत जगत की मशहूर आवाज आशा भोसले का सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम यात्रा निकाली जा रही है। 92 वर्ष की उम्र में रविवार 12 अप्रैल को ब्रीच कैंडी अस्पताल में मल्टी-ऑर्गन फेलियर से उनका निधन हो गया था।आशा भोसले के पार्थिव शरीर को उनके मुंबई स्थित आवास ‘कासा ग्रांडे’ में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां उनका शरीर तिरंगे में लपेटकर सलामी दी गई। अंतिम यात्रा शुरू होते ही सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग ‘आशा ताई अमर रहें’ और ‘आशा भोसले अमर रहें’ के नारे लगाते हुए भावुक नजर आए। मुंबई की कई सड़कें जाम हो गईं।

सेलेब्स और दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम दर्शन और यात्रा के दौरान फिल्म, संगीत, खेल और राजनीति जगत की कई हस्तियां पहुंचीं। क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजली तेंदुलकर के साथ पहुंचे और काफी भावुक हो गए। आशा भोसले उन्हें अपने बेटे की तरह मानती थीं। पाकिस्तानी गायक गुलाम अली खान ने भावुक होकर कहा, ‘आशा जी जैसे फनकार दुनिया में बहुत कम पैदा होते हैं।’ क्रिकेटर मोहम्मद सिराज भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य नेता भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। लोग पार्थिव शरीर पर फूल बरसाते रहे। अंतिम यात्रा के दौरान भारी भीड़ को संभालने के लिए मुंबई पुलिस और BMC ने खास इंतजाम किए।
आशा भोसले का सफर
आशा भोसले ने 82 साल लंबे करियर में 12,500 से ज्यादा गाने गाए। उन्होंने 9 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स समेत 100 से अधिक सम्मान जीते। उन्हें पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण से नवाजा गया था। उनकी बहुमुखी आवाज ने हिंदी सिनेमा के साथ-साथ कई भाषाओं में संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया। वे लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। आशा ताई की आवाज ने न सिर्फ कई पीढ़ियों को मनोरंजन दिया, बल्कि भारतीय संगीत को विश्व पटल पर एक अलग पहचान दी। उनका निधन संगीत जगत के लिए एक युग का अंत माना जा रहा है, पूरा देश इस महान गायिका को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।







