नई दिल्ली। क्या सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पास करा सकती है? परिसीमन बिल के विरोध में डीएमके के स्वर मंद पड़े हैं ऐसे में इसके कयास लगाए जा रहे हैं। 2024 लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने तीसरी बार मोदी सरकार का नारा देते हुए 400 पार का लक्ष्य रखा था, लेकिन बीजेपी 240 सीटें ही जीत पाई थी। हालांकि एनडीए को बहुमत मिलने के बाद सरकार बनी थी।
लोकसभा चुनावों के 28 महीने बाद असम की नगांव सीट पर जीत के बाद अब बीजेपी के कुल सांसदों की संख्या बढ़कर 241 हो गई है, जबकि कांग्रेस घटकर 99 से 98 पर आ गई है।
क्या है लोकसभा का वर्तमान नंबर गेम
लोकसभा में कुल सीटें 543 हैं। फिलहाल सरकार के पास संख्याबल 319 सांसदों का है, जबकि कांग्रेस की अगुवाई वाले विपक्ष के 184 सांसद हैं। 38 सांसद किसी भी पक्ष में नहीं हैं .इनमें डीएमके 22 सांसदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। सारा दारोमदार इन पर ही है। पूर्व सीएम स्टालिन जानते हैं कि इस बिल पर बीजेपी का साथ देने का उनकी राजनीति पर दूरगामी असर पड़ेगा।
नगांव सीट पर बीजेपी की जीत और राज्यसभा में एनडीए के सांसदों की संख्या बढ़ने के बाद फिर से चर्चा शुरू हुई है कि परिसीमन बिल को पास कराने के लिए सरकार विशेष सत्र बुला सकती है। हालांकि अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सीईसी ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर सीजेपी और कांग्रेस के प्रोटेस्ट को देखते हुए विशेष सत्र की चर्चा हो रही है, लेकिन संभावना बेहद कम जताई जा रही है।
उपचुनाव में नौगाँव लोकसभा सीट बीजेपी के खाते में
बीजेपी ने असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल की। बीजेपी उम्मीदवार देवाशीष शर्मा अब नगांव के नए सांसद बने हैं। नगांव सीट बीजेपी ने कांग्रेस से छीनी है। बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए का संख्याबल टीएमसी के 20 बागी सांसदों के एनसीपीआई के साथ जाने और फिर एनडीए को समर्थन देने से 319 पहुंचा है। संसद में परिसीमन बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। लोकसभा की 543 सीटों में से दो-तिहाई यानी 362 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। सीटें खाली रहने या किसी दल के वॉकआउट करने पर यह संख्या बदल सकती है।
वर्तमान में लोकसभा की दो सीटें रिक्त हैं।पश्चिम बंगाल की बशीरहाट सीट 25 सितंबर 2024 से रिक्त है। यह टीएमसी सांसद हाजी शेख नूरुल इस्लाम के निधन के कारण खाली हुई। कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनाव याचिका लंबित होने की वजह से अभी उपचुनाव नहीं हुए। मेघालय की शिलांग सीट 19 फरवरी 2026 से रिक्त है। वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के सांसद रिकी एंड्रयू जे. सिंगकोन के निधन के बाद खाली हुई। मेघालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के चलते यहां भी चुनाव स्थगित हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन पर लिखी पीएम मोदी को चिट्ठी
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर परिसीमन के नए प्रस्तावों पर चर्चा के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। यह पत्र 16 अक्टूबर 2026 को लिखा गया। खरगे ने चौथी बार प्रधानमंत्री से मांग दोहराई है कि परिसीमन से जुड़े किसी भी नए संवैधानिक संशोधन विधेयक को अंतिम रूप देने और संसद में पेश करने से पहले सभी राजनीतिक दलों के साथ विस्तृत चर्चा हो।
इससे पहले अगस्त 2026 में लिखे पत्र में उन्होंने लोकसभा की मौजूदा राज्यवार सीटों की संख्या 543 को अगले 25 सालों तक यथावत रखने और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की मांग भी उठाई थी।









