TCS ऑफिस में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण के आरोप, HR मैनेजर निदा खान फरार, कर्मचारियों को घर से काम करने का आदेश

नासिक। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के नासिक स्थित बीपीओ यूनिट में गंभीर आरोप सामने आए हैं। यहां कई महिला कर्मचारियों ने यौन उत्पीड़न, जबरन धर्मांतरण और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच में कंपनी की एचआर मैनेजर निदा खान मुख्य आरोपी बनायीं गई हैं और वे फिलहाल फरार बताई जा रही हैं।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निदा खान पर कई महिलाओं के यौन उत्पीड़न और गलत व्यवहार की शिकायतों को नजरअंदाज करने या उन्हें दबाने का आरोप है। वे कंपनी की आंतरिक शिकायत समिति (POSH कमिटी) का हिस्सा थीं जहां कर्मचारियों की शिकायतें दर्ज होती हैं। जांचकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने शिकायतों को उचित तरीके से आगे नहीं बढ़ाया और कुछ मामलों में शिकायतकर्ताओं को चुप रहने की सलाह दी। पुलिस अब उनकी भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला ?

यह मामला फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच की घटनाओं से जुड़ा है। शुरुआत एक महिला कर्मचारी की शिकायत से हुई जिसमें सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर रिश्ता बनाने का आरोप था। जांच आगे बढ़ने पर कई अन्य महिलाएं सामने आईं और उन्होंने अनुचित स्पर्श, आपत्तिजनक टिप्पणियां, स्टॉकिंग और जबरन धर्म बदलने का दबाव बताते हुए शिकायतें दर्ज कराईं। अब तक 9 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 6 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। इनमें से कई सीनियर पदों पर थे और वे ट्रेनिंग डिवीजन से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने एक संगठित तरीके से कमजोर और आर्थिक रूप से परेशान महिलाओं को निशाना बनाया। नासिक पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने एनआईए, एटीएस और राज्य इंटेलिजेंस यूनिट को पत्र लिखकर सभी पहलुओं की जांच कराने का अनुरोध किया है। पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक ने बताया कि सोशल मीडिया पर लगे चरमपंथी लिंक या विदेशी फंडिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

टीसीएस का रुख

टीसीएस ने इस मामले पर आरोपों में शामिल कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। कंपनी ने सभी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने का निर्देश दे दिया है। कंपनी का कहना है कि यह फैसला कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है। कंपनी ने आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है। निदा खान सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा हैं और नासिक यूनिट में कर्मचारी शिकायतों को संभालने की जिम्मेदारी उनके पास थी। पुलिस उनके मोबाइल, ईमेल और कंपनी के आंतरिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now