रायपुर। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन (AIIEA) ने 11 सितंबर 2026 को होने वाली बैंक कर्मचारियों की एक दिवसीय हड़ताल का समर्थन किया है। संगठन ने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारियों के साथ एकजुटता जताई है।
AIIEA ने कहा कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों में कई मुद्दों को लेकर लंबे समय से नाराजगी है। इनमें पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग और हाल ही में शुरू की गई पीएलआई योजना का विरोध प्रमुख है। संगठन का कहना है कि यह योजना कर्मचारियों के बीच भेदभाव पैदा करती है।
AIIEA के मुताबिक, हड़ताल केवल इन मांगों को लेकर नहीं है, बल्कि बैंकिंग क्षेत्र में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बातचीत और सामूहिक समझौते की पुरानी व्यवस्था को कमजोर किए जाने के खिलाफ भी है। संगठन ने कहा कि एकतरफा फैसलों और कर्मचारियों को बांटने वाले कदमों का विरोध जरूरी है।
संगठन के अनुसार, ऐसी ही समस्याएं सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों के सामने भी हैं। AIIEA ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े फैसले बातचीत और सामूहिक समझौते के जरिए लिए जाने चाहिए।
संगठन ने कहा कि अच्छे औद्योगिक संबंधों के लिए बातचीत, सामूहिक समझौते और ट्रेड यूनियन के अधिकारों का सम्मान जरूरी है। AIIEA ने 11 सितंबर की बैंक कर्मचारियों की हड़ताल को अपना पूरा समर्थन देने की घोषणा की है।










