थलापति विजय बने तमिलनाडु के नए सीएम, शपथ लेते वक्त देने लगे स्पीच, राज्यपाल ने टोका, पहला ऐलान 200 यूनिट फ्री बिजली

Actor Vijay Oath Ceremony: दक्षिण भारतीय सुपरस्टार थलापति विजय बने तमिलनाडु के नए सीएम, शपथ लेते वक्त देने लगे स्पीच,राज्यपाल ने टोका, पहला ऐलान 200 यूनिट फ्री बिजली विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने रविवार 10 मई को राज्यपाल के समक्ष मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मंच पर उनके साथ नजर आए। विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ शानदार जीत दर्ज करने के बाद विजय ने सीएम पद संभाला। TVK ने 108 सीटें जीती थीं। कांग्रेस और कुछ अन्य छोटी पार्टियों के समर्थन से पार्टी बहुमत हासिल करने में सफल रही।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विजय जब माइक पर पहुंचे तो भाषण देने लगे। राज्यपाल को बीच में उन्हें टोकना पड़ा। राज्यपाल ने उन्हें शपथ ग्रहण वाला आधिकारिक पत्र पढ़ने के लिए कहा। कुछ देर बाद विजय ने पत्र पढ़कर शपथ ली। विजय के साथ 9 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

CM बनते ही विजय एक्शन मोड में नजर आए और दस्तावेजों का पहला सेट साइन किया। इसमें 200 यूनिट फ्री बिजली, महिला सुरक्षा, ड्रग्स के खिलाफ एक्शन जैसे आदेश शामिल हैं।

इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ :

थिरू एन. आनंद (TVK महासचिव)
आधव अर्जुन (TVK के प्रमुख रणनीतिकार)
के.जी. अरुण राज (पूर्व IRS अधिकारी)
के.ए. सेंगोट्टैयन (9 बार के विधायक, पूर्व AIADMK नेता)
पी. वेंकटरामनन (विजय के पुराने मैनेजर)
आर. निर्मलकुमार (पूर्व BJP सोशल मीडिया चीफ)
राजमोहन (तमिल अभिनेता-निर्देशक)
डॉ. टी.के. प्रभु (डेंटिस्ट)

विजय ने सिर्फ दो साल पहले अपनी पार्टी TVK बनाई थी। यह उनका पहला चुनाव था, लेकिन उन्होंने पूरे तमिलनाडु में जबरदस्त समर्थन हासिल किया।

विजय सरकार के प्रमुख वादे

TVK ने चुनाव से पहले जो घोषणा-पत्र जारी किया था, उसमें मुख्य वादे शामिल हैं:

हर परिवार को हर साल 6 सिलेंडर मुफ्त
महिलाओं को मासिक आर्थिक मदद ₹1000 से बढ़ाकर ₹2500
शादी के लिए 8 ग्राम सोना सहित मदद
बिना गारंटी ₹25 लाख तक शिक्षा लोन
महिलाओं के मातृत्व लाभ में बढ़ोतरी
छात्रों को इंटर्नशिप भत्ता बढ़ाना
युवाओं को बिना गारंटी उद्यमिता लोन

शपथ ग्रहण समारोह के साथ तमिलनाडु में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां एक लोकप्रिय फिल्म अभिनेता अब राज्य की बागडोर संभाल रहे हैं। अपनी नई सरकार से लोगों को बेहतर सुशासन, विकास और कल्याणकारी योजनाओं की उम्मीद है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now