NEET-UG paper leak मामले की जांच कर रही CBI ने मंगलवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पुणे का एक छात्र और एक डॉक्टर शामिल हैं। अब इस मामले में कुल 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।CBI के अनुसार, गिरफ्तार छात्र को पुणे की स्कूल हेडमिस्ट्रेस मनीषा हवालदार से फिजिक्स के प्रश्न मिले थे। हवालदार ने मौखिक रूप से सवाल बताए, छात्र ने उन्हें लिखकर फोटो खींची और अपने संपर्कों को भेज दिए। CBI का आरोप है कि इसके बदले छात्र से पैसे भी लिए गए थे।
जांच एजेंसी ने अब तक 49 जगहों पर छापेमारी की है और कई महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं, जिनमें 23 पन्नों का फिजिक्स प्रश्न बैंक, मूल पेपर और नकदी शामिल है। CBI का कहना है कि पेपर लीक का नेटवर्क 5 राज्यों तक फैला हुआ था जिसमें महाराष्ट्र और राजस्थान सबसे ज्यादा प्रभावित रहे।
जांच के दौरान CBI को कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं, जिनमें 23 पन्नों के फिजिक्स प्रश्न, मूल नीट प्रश्नपत्र, NTA के आधिकारिक दस्तावेज और नकदी शामिल हैं। पूछताछ में मनीषा हवालदार ने स्वीकार किया कि उन्होंने अप्रैल में याददाश्त के आधार पर फिजिक्स के सवाल तैयार किए थे और इन्हें एक छात्र के साथ साझा किया था। बाद में सह-आरोपी मनीषा मंधारे के कहने पर ये सवाल मैसेजिंग ऐप के जरिए आगे भेजे गए। CBI ने कोर्ट को बताया कि हवालदार द्वारा दिए गए सवाल असली नीट प्रश्नों से काफी मिलते-जुलते थे।
पेपर लीक का नेटवर्क
इससे पहले CBI ने NTA की प्रश्नपत्र तैयार करने वाली टीम के सदस्य पी.वी. कुलकर्णी, ब्यूटी पार्लर संचालिका मनीषा वाघमारे, कंसल्टेंसी फर्म चलाने वाले धनंजय, मनोज शिरुरे और लातूर के कोचिंग सेंटर संचालक शिवराज मोटेगांवकर को भी गिरफ्तार किया था। CBI का आरोप है कि मनोज शिरुरे ने तीन छात्रों तक केमिस्ट्री के सवाल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
सीबीआई जांच में सामने आया है कि पेपर तैयार करने वाली टीम के सदस्यों से सवाल हासिल किए गए और फिर कोचिंग सेंटरों के जरिए छात्रों तक पहुंचाए गए। CBI अब उन अभिभावकों की लिस्ट तैयार कर रही है, जिन्होंने पेपर खरीदने के लिए पैसे ट्रांसफर किए थे।
NTA ने परीक्षा रद्द कर 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। उम्मीदवार 27 मई रात 11:50 बजे तक फीस रिफंड के लिए पोर्टल पर अपने बैंक डिटेल्स जमा कर सकते हैं। CBI ने कहा कि पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है और जल्द ही अन्य राज्यों में भी छापेमारी हो सकती है।











