रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर मदनी चौक में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एसआईटी जांच के बाद मृतक साजिद अली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे से 17 जुलाई शाम 9:30 बजे के बीच साजिद अली ने किराये के मकान में अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक दवा खिलाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
एसआईटी टीम ने मर्ग जांच, घटनास्थल निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर पाया कि पत्नी व तीनों बच्चों की मौत हत्या की श्रेणी में आती है। इसलिए थाना टिकरापारा में साजिद अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
जांच में सामने आया है कि साजिद अली सट्टा लगाने का काम करता था। सट्टा बंद होने के बाद वह गंभीर आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। इसी दबाव में उसने यह कदम उठाया। जांच में यह भी पता चला कि उसका किसी अन्य रिश्तेदार से संपर्क नहीं था।
मृतकों के नाम इस प्रकार हैं –
राबिया बेगम (पत्नी)
इरशाद अली (पुत्र)
साहिना परवीन (पुत्री)
हिरशिबा परवीन (पुत्री)
मामले की आगे की जांच जारी है। यह घटना पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के पर्यवेक्षण में एसआईटी द्वारा की गई जांच के बाद सामने आई है।








