नई रिपोर्ट में चेतावनी, मजबूत अल नीनो से हिमालय में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा

लेंस डेस्क। सर्दियों के इस मौसम में शक्तिशाली अल नीनो के असर से हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। एक नई वैज्ञानिक रिपोर्ट के मुताबिक इस मौसमी बदलाव से नेपाल, भारत और आसपास के पहाड़ी इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में सूखे और जंगल की आग जैसी स्थितियों को लेकर भी आगाह किया गया है।

रिपोर्ट में क्या कहा गया है?

काठमांडू स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के इंस्टीट्यूट ऑफ एटमॉस्फेरिक फिजिक्स ने मिलकर ‘हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट तैयार की है। इसमें नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश सहित कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश व नमी का अनुमान है।

अमेरिका की नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि अल नीनो प्रबल से अत्यंत प्रबल स्थिति में पहुंच सकता है। वर्ष 1950 में रिकॉर्ड दर्ज होने की शुरुआत के बाद से इसके सबसे मजबूत बनने की लगभग 60 प्रतिशत संभावना जताई गई है। वहीं विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) के अनुसार, अल नीनो का प्रभाव उत्तरी गोलार्ध में 2027 के वसंत तक रह सकता है और फरवरी 2027 तक इसके बने रहने की संभावना करीब 100 प्रतिशत मानी जा रही है।

कहां ज्यादा बर्फ, कहां सूखे और आग का खतरा

रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्फ की सामान्य से अधिक मोटी परत जम सकती है, जबकि हिमालय की तलहटी में भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बर्फबारी की आशंका है। इसके उलट, भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग (तिब्बत) के कुछ हिस्सों में बर्फ की परत सामान्य से पतली रह सकती है।

वैज्ञानिकों ने चेताया है कि बर्फ की मोटाई नदियों के प्रवाह और अगले साल पानी की उपलब्धता को तय करने में अहम भूमिका निभाती है। कम बर्फबारी वाले इलाकों में सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और प्राकृतिक जलस्रोतों पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमार के कुछ हिस्सों में शुष्क मौसम के कारण सूखी घास व वनस्पतियों से जंगलों में आग लगने की आशंका अधिक से बहुत अधिक बताई गई है।

मानसून की तबाही के बाद नई चुनौती

यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है, जब नेपाल और भूटान पहले ही मानसून के दौरान गंभीर आपदाओं का सामना कर चुके हैं। अगस्त में नेपाल में आई भोटेकोशी बाढ़ से कम से कम 1,500 लोगों की मौत हुई थी, 5,000 से अधिक लोग लापता हुए थे और राहत व पुनर्निर्माण पर करीब 4.7 अरब अमेरिकी डॉलर के खर्च का अनुमान लगाया गया था।

ICIMOD के जलविज्ञानी मनीष श्रेष्ठ का कहना है कि आपदा की तैयारी केवल मानसून तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बारिश के समय और तीव्रता में आ रहे बदलाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को मौसम पूर्वानुमान और ताजा स्थानीय जानकारी के आधार पर पहले से कदम उठाने की जरूरत है। इस रिपोर्ट के निष्कर्षों पर चर्चा के लिए 25 से 27 नवंबर तक काठमांडू में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now