NEET पेपर लीक मामला : दिल्ली कोर्ट ने 14 आरोपियों पर आरोप तय किए, तीन NTA विशेषज्ञ भी शामिल

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने इस मामले के सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। आरोपियों ने अदालत में अपनी बेगुनाही का दावा किया और मुकदमे का सामना करने को तैयार बताया।

विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत में सभी आरोपियों को पेश किया गया। कोर्ट ने उनके खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, विश्वासघात, भ्रष्टाचार और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों से जुड़े कानूनों के तहत आरोप तय किए। कॉपीराइट उल्लंघन से जुड़ा प्रावधान भी इनमें शामिल है।

तीन NTA विशेषज्ञों पर आरोप

कोर्ट के अनुसार, तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे (बायोलॉजी), पीवी कुलकर्णी (केमिस्ट्री) और मनीषा संजय हवालदार (फिजिक्स) NTA के लिए काम कर रहे थे। इन्हें लोक सेवक माना गया है। आरोप है कि इन्होंने गोपनीय परीक्षा सामग्री अवैध रूप से हासिल की और अन्य लोगों तक पहुंचाई।

कोर्ट ने कहा कि ये विशेषज्ञ जानते थे कि अगर सवाल लीक होते हैं तो योग्य उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है। लीक सामग्री के जरिए कोई अनुचित लाभ लेने वाला उम्मीदवार चयनित हो सकता है, जबकि मेहनत करने वाले छात्र पीछे रह सकते हैं।

बाकी आरोपियों में यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी शामिल हैं। कोर्ट के मुताबिक, गोपनीय सवाल एक व्यक्ति से दूसरे तक क्रमवार पहुंचे। यह श्रृंखला तीन एक्सपर्ट से शुरू होकर अन्य आरोपियों तक फैली।

सुनवाई का कार्यक्रम

अदालत ने 25 नवंबर से इस मामले की रोजाना सुनवाई शुरू करने का आदेश दिया है। इससे पहले 18 नवंबर को कोर्ट ने विस्तृत आदेश में आरोप तय करने का निर्देश दिया था। सीबीआई ने पहले 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके बाद 14वें आरोपी के खिलाफ पूरक चार्जशीट पेश की गई।

याद दिला दें कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को हुई थी। करीब 22 लाख उम्मीदवार इसमें शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर दी थी और 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now