नई दिल्ली | 20 नवंबर 2026 को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट की फेडरल कोर्ट ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता (Nikhil Gupta) 55 वर्ष को गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में 235 महीने यानि लगभग 19 वर्ष और 7 महीने की जेल की सजा सुनाई। जज विक्टर मारेरो ने सजा सुनाते हुए इसे उचित और तर्कसंगत बताया। गुप्ता ने फरवरी 2026 में मर्डर-फॉर-हायर, मर्डर-फॉर-हायर की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोपों में दोष स्वीकार कर लिया था। सजा पूरी होने के बाद उन्हें डिपोर्टेशन की प्रक्रिया में डाल दिया जाएगा।
सुनवाई के दौरान गुप्ता ने पन्नू और समुदाय से माफी मांगी। पन्नू अदालत में मौजूद थे और उन्होंने कहा कि पिछले 1200 दिनों से उनकी कानूनी प्रैक्टिस प्रभावित रही है। अभियोजन पक्ष ने 24 साल से अधिक की सजा की मांग की थी, जबकि बचाव पक्ष ने 12 साल की सिफारिश की थी।
क्या है पूरा मामला
यह मामला जून 2023 के घटनाक्रम से जुड़ा है, जब अमेरिकी एजेंसियों ने पन्नू जो कि अमेरिकी-कनाडाई नागरिक, सिख फॉर जस्टिस के कानूनी सलाहकार और भारत द्वारा नामित खालिस्तानी अलगाववादी है की हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, पूर्व रॉ अधिकारी विकास विकास यादव ने गुप्ता को भर्ती किया। यादव को रॉ का का “सीनियर फील्ड ऑफिसर” बताया गया, जो पहले सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट थे।
यादव ने गुप्ता को पन्नू का पता, फोन नंबर और दिनचर्या की जानकारी दी। गुप्ता ने एक व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह हिटमैन समझ रहा था, लेकिन वह वास्तव में ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का अंडरकवर ऑफिसर था। 9 जून 2023 को 15,000 डॉलर का एडवांस भुगतान न्यूयॉर्क में किया गया। कुल डील 1 लाख डॉलर की थी। यादव ने गुप्ता को नियमित अपडेट देने को कहा और पन्नू की हत्या को प्राथमिकता बताया।कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या 18 जून 2023, कनाडा के अगले दिन भी दबाव बढ़ाया गया।
क्या थी गुप्त को पेशकश
नवीनतम कोर्ट दस्तावेजों से नवंबर 2026 में खुलासा हुआ कि यादव ने गुप्ता को अतिरिक्त प्रोत्साहन के रूप में इम्फाल हवाई अड्डे से ड्रग्स भरे विमान की क्लीयरेंस और AK-56 राइफल्स तथा M20 पिस्तौल जैसे हथियार उपलब्ध कराने की पेशकश की थी। यह डील पन्नू की हत्या सफल होने पर निर्भर थी। यादव ने कहा था कि काम बेदाग तरीके से हो जाए तो बाकी सब संभाल लेंगे। गुप्ता और यादव ने नेपाल/पाकिस्तान में एक अन्य लक्ष्य की हत्या की बातचीत भी की थी।
यादव का जन्म 11 दिसंबर 1984 को हरियाणा के प्रानपुरा में हुआ। एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में उनका नाम है। भारत में उन्हें दिसंबर 2023 में दिल्ली में अपहरण-जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत मिल गई। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि वे अब भारत सरकार के कर्मचारी नहीं हैं। जनवरी 2025 में गृह मंत्रालय ने कहा कि सरकार द्वारा गठित जांच समिति ने “एक व्यक्ति” के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की है।
अजीत डोभाल और रॉ की कथित भूमिका
वाशिंगटन पोस्ट की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का आकलन है कि तत्कालीन रॉ प्रमुख समंत गोयल ने ऑपरेशन को मंजूरी दी थी। गोयल पर विदेशों में सिख चरमपंथियों के खतरे को खत्म करने का अत्यधिक दबाव था। रिपोर्ट में कहा गया कि एनएसए अजीत डोभाल शायद रॉ की सिख कार्यकर्ताओं को मारने की योजनाओं से अवगत थे या उन्होंने मंजूरी दी थी,” लेकिन कोई स्मोकिंग गन प्रूफ नहीं मिला। पूर्व भारतीय अधिकारियों ने कहा कि गोयल बिना डोभाल की मंजूरी के उत्तरी अमेरिका में ऐसा कदम नहीं उठाते।
भारत ने इन आरोपों को निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया। 2023 में ही उच्च-स्तरीय जांच समिति गठित की गई थी। हाल ही में पन्नू ने अमेरिकी कोर्ट में सिविल मुकदमा दायर किया है, जिसमें भारत सरकार, डोभाल, गोयल, यादव और गुप्ता को नामजद किया गया है। अमेरिकी कोर्ट ने दिल्ली की अदालतों के जरिए डोभाल और गोयल पर समन सर्विस करने का रास्ता खोला है। भारत ने इसे फैब्रिकेटेड और मैलिशस करार देते हुए खारिज कर दिया और कहा कि न्यायिक दस्तावेज केवल कानून मंत्रालय के जरिए रूट किए जा सकते हैं।
भारत करता रहा है आरोपों को ख़ारिज
यह मामला भारत-अमेरिका संबंधों में संवेदनशील रहा है। अमेरिका ने इसे अपने क्षेत्र पर संप्रभुता पर हमला बताया है। भारत का आधिकारिक रुख रहा है कि वह ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं है और जांच कर रहा है। यादव के खिलाफ अमेरिकी आरोप अभी भी लंबित हैं। गुप्ता की सजा इस मामले का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, लेकिन ऊपरी स्तर की कथित भागीदारी पर आरोप अदालती रूप से सिद्ध नहीं हुए हैं और भारत ने उन्हें सिरे से खारिज किया है।पन्नू भारत में वांटेड हैं और SFJ बैन है। मामला अभी भी कानूनी और कूटनीतिक रूप से सक्रिय है।







