नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को पुलिस की एक बड़ी चूक चर्चा का विषय बन गई। यहां सर्किट हाउस पर AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Owaisi)को पुलिसकर्मियों ने गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आगमन पर होना था गार्ड ऑफ ऑनर
दरअसल, सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के एक जज के आगमन को लेकर पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी। जवान पूरी वर्दी में सलामी देने के लिए तैयार खड़े थे। लेकिन जज के पहुंचने से पहले ही AIMIM प्रमुख एवं सांसद ओवैसी वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि AIMIM चीफ ओवैसी अपने काफिले के साथ करीब 11:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। उनके साथ सुरक्षाकर्मियों को देखकर वहां तैनात पुलिसकर्मी भ्रमित हो गए। जैसे ही ओवैसी अपनी गाड़ी से उतरे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही औपचारिक सलामी दे दी। ओवैसी भी खड़े होकर सलामी लेते नजर आए और फिर अंदर चले गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैंसिल हुए ओवैसी और चंद्रशेखर की पीसी
इससे पहले आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद करीब 11 बजे सर्किट हाउस पहुंच चुके थे। वह वहां एक कमरे में बैठे हुए थे। दोनों नेताओं की सर्किट हाउस में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित थी, लेकिन अचानक इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद दोनों नेता जिलाधिकारी से मुलाकात करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कलेक्ट्रेट में दोनों सांसदों ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने और नोटिसों पर कार्रवाई रोकने की मांग की।










