नई दिल्ली। क्रिकेटर सिराज(Siraj) के चयन को लेकर इमरान मसूद की विवादित टिप्पणी के बाद अब कांग्रेस के एक अन्य नेता राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया है कि क्रिकेट में पक्षपात होता आया है। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि बोर्ड या सिलेक्शन कमेटी को खेल को खेल भावना की तरह लेना चाहिए और हमेशा अच्छे खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए।
उन्होंने कहा, “क्रिकेट क्रिकेट होता है लेकिन क्रिकेट में पक्षपात तो होता आया है, इसमें तो कोई संदेह नहीं है। इसमें भी कोई संदेह नहीं है कि दलितों के साथ, मुसलमानों के साथ, अति पिछड़ों के साथ हर लेवल पर कहीं न कहीं पक्षपात होता है…”
राजेंद्र पाल गौतम ने आगे कहा, “…लेकिन मेरा यह मानना है कि क्रिकेट क्रिकेट होता है। खेल को खेल भावना के साथ लेना चाहिए और सिलेक्शन कमेटी को या बोर्ड को हमेशा अच्छे खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए।”
इमरान मसूद ने क्या कहा था?
कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने यह आरोप लगाया था कि क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को धर्म के कारण न्यूजीलैंड शृंखला के लिए भारतीय टीम से बाहर रखा गया है। बीजेपी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर राजनीतिक ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण का आरोप लगाया।
सहारनपुर से लोकसभा सदस्य इमरान मसूद ने दावा किया कि सिराज का चयन उनकी धार्मिक पहचान के कारण नहीं हुआ। मसूद ने कहा, ”उनका नाम मोहम्मद सिराज है, इसीलिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है।”
उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए योगी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा, ”वह (इमरान मसूद) ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति का खतरनाक खेल खेल रहे हैं। भारत में राष्ट्रीय टीम में लोगों का चयन धर्म के आधार पर नहीं होता।”
कांग्रेस पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को हवा देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ”कांग्रेस यह पचा नहीं पा रही है कि देश ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे के साथ आगे बढ़ रहा है, इसलिए वह अपना विभाजनकारी खेल खेल रही है।










