रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान (Akwan)का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर अब भी बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने शनिवार, 21 नवंबर को उत्तर छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने के भी संकेत हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात अकवान के प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके अलावा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन पांच जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पेंड्रा रोड, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर और मुंगेली जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी है। ऐसे में खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की जरूरत है।
रायपुर में भी बदला मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
शुक्रवार को अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा में सबसे कम पारा
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।










