छत्तीसगढ़ में B.Ed की करीब 900 सीटें खाली, 22 नवंबर से फिर होंगे पंजीकरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ में B.Ed सत्र 2026-27 की काउंसलिंग के तीसरे चरण के बाद करीब 900 सीटें खाली हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने अंतिम चरण की प्रक्रिया में आंशिक बदलाव किया है। इसके तहत 22 और 23 नवंबर को नए पंजीकरण और कॉलेज के विकल्प बदलने की सुविधा मिलेगी।

SCERT की 20 नवंबर की सूचना के मुताबिक, तीसरे चरण में तीन आवंटन सूचियां जारी होने के बाद भी कई कॉलेजों में सीटें खाली हैं। अब पहली बार काउंसलिंग में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को भी आवेदन का मौका मिलेगा।

कौन कर सकेगा आवेदन?

पहली बार आवेदन करने वाले उम्मीदवार -जिन्होंने पहले काउंसलिंग के लिए पंजीकरण नहीं कराया है और किसी कॉलेज में दाखिला नहीं लिया है, निर्धारित शुल्क देकर नया पंजीकरण कर सकेंगे।
पहले से पंजीकृत उम्मीदवार – जिन्हें कॉलेज आवंटित नहीं हुआ है और जिन्होंने कहीं दाखिला नहीं लिया है, खाली सीटों के आधार पर अपने कॉलेज के विकल्प मुफ्त में बदल सकेंगे।
तीसरे चरण में कॉलेज मिलने के बाद समय पर दाखिला नहीं लेने वाले उम्मीदवार निर्धारित पंजीकरण शुल्क देकर दोबारा काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे।

जिन उम्मीदवारों ने किसी कॉलेज में पहले ही दाखिला ले लिया है, वे इस प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।

ऑनलाइन सहमति देना जरूरी

उम्मीदवार कॉलेज चुनने से पहले पोर्टल पर कॉलेजवार खाली सीटों की सूची देख लें। काउंसलिंग में हिस्सा लेने के लिए ऑनलाइन सहमति देना अनिवार्य है। इसके बाद कॉलेज आवंटित होने पर तय समय के भीतर दाखिला लेना होगा।

खाली सीटों के आधार पर SCERT चौथी, पांचवीं और छठी आवंटन सूची जारी करेगा। उम्मीदवार ऑनलाइन प्रक्रिया SCERT की वेबसाइट या काउंसलिंग पोर्टल पर पूरी कर सकेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now