लेंस डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प(Trump) ने यूरोपीय नेताओं से यूक्रेन को दी जा रही आर्थिक मदद बंद करने की बात कही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रम्प ने गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के कुछ घंटे बाद यूरोपीय नेताओं को फोन कर यह बात कही। ट्रम्प ने कहा कि रूस शांति समझौते के लिए तैयार है। अगर युद्ध खत्म हो जाता है तो यूरोपीय देशों का अरबों डॉलर का खर्च बचेगा और लोगों की जान भी बचाई जा सकेगी।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ट्रम्प ने यूक्रेन की मदद तुरंत बंद करने का कोई सीधा आदेश नहीं दिया। उनका कहना था कि राष्ट्रपति सिर्फ युद्ध समाप्त करने की अपनी इच्छा जाहिर कर रहे थे।
पुतिन को दोस्त कहा, यूरोप में चिंता
ट्रम्प ने यह फोन चीन के शेनझेन में पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक के बाद किया। करीब 90 मिनट चली इस मुलाकात में ट्रम्प ने पुतिन को सबके सामने ‘मेरा दोस्त’ कहा। शी जिनपिंग ने भी ट्रम्प का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस बैठक में यूरोपीय देशों को शामिल नहीं किया गया। इसी दौरान यूरोपीय नेता बर्लिन में यूक्रेन के समर्थन में बैठक कर रहे थे। इसमें ब्रिटिश प्रधानमंत्री और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की भी मौजूद थे। डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसन ने कहा कि इस बैठक के बाद पुतिन का हौसला बढ़ सकता है।
अगली बातचीत में यूरोप भी शामिल होगा
ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर बर्लिन की बैठक में शामिल हुए। विटकॉफ ने बताया कि ट्रम्प ने युद्ध खत्म कराने और यूरोप को शांति वार्ता में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। कुशनर के अनुसार, अगली बातचीत में यूक्रेन, रूस, अमेरिका और यूरोप के प्रतिनिधि एक साथ बैठेंगे। उन्होंने दावा किया कि पुतिन यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने के लिए तैयार हैं। जेलेंस्की ने इस दावे पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या इसके तहत दूसरे देशों के सैनिक यूक्रेन में तैनात होंगे।
पुतिन की चेतावनी
शेनझेन बैठक के बाद पुतिन ने यूक्रेन को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि क्रीमिया ब्रिज पर हमले के बाद अब कोई समझौता आसान नहीं होगा। रूस इसका जवाब देगा और उसकी कार्रवाई कहीं ज्यादा कठोर होगी। यूक्रेन ने इसी हफ्ते क्रीमिया ब्रिज पर तीसरी बार हमला करने की पुष्टि की थी। यह पुल रूस के लिए रणनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है।
ट्रम्प, पुतिन और शी जिनपिंग ने बैठक के बाद एक साझा घोषणा जारी की। इसमें संयुक्त राष्ट्र में सुधार, ऊर्जा आपूर्ति और परमाणु हथियारों के खतरे को कम करने की बात कही गई लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध का कोई जिक्र नहीं था।











