नई दिल्ली। कला, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लेखक, चित्रकार और वरिष्ठ पत्रकार देव प्रकाश चौधरी को वर्ष 2026 का सार्क लिटरेचर (literature) अवार्ड प्रदान किया जाएगा। 15 नवंबर को नई दिल्ली स्थित एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड लिटरेचर के सभागार में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। झारखंड के गोड्डा जिले के मोतिया गांव की मिट्टी में पले-बढ़े देव प्रकाश चौधरी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से कला, साहित्य और पत्रकारिता की दुनिया में विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी रचनात्मक यात्रा इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभा किसी महानगर की देन नहीं होती। गांव से निकलकर भी कोई व्यक्ति अपने काम के दम पर व्यापक पहचान बना सकता है।
देव प्रकाश चौधरी बहुआयामी रचनाकार हैं। लेखक, चित्रकार, कला समीक्षक और पत्रकार के रूप में उन्होंने तीन दशक से अधिक समय तक विभिन्न माध्यमों में काम किया है। कला, संस्कृति, साहित्य और समकालीन समाज उनके लेखन के प्रमुख विषय रहे हैं। ‘जिसका मन रंगरेज’, ‘लुभाता इतिहास, पुकारती कला’ और ‘शब्द उठान सुर तिहाई’ उनकी चर्चित पुस्तकें हैं। ओसामा बिन लादेन और अन्ना हजारे जैसे अलग-अलग विषयों पर भी उन्होंने पुस्तकें लिखी हैं।
फिल्म और दृश्य माध्यमों में भी उनका योगदान रहा है। उन्होंने वृत्तचित्रों और फीचर फिल्मों के लिए लेखन किया है। संथाल संस्कृति पर आधारित फिल्म ‘कपूरमुली के फूल पनघट पर’ के संवाद भी उन्होंने लिखे हैं। लोकजीवन, कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी रुचि उनके रचनात्मक काम में लगातार दिखाई देती है। प्रिंट, वेब और टेलीविजन पत्रकारिता में करीब 30 वर्षों का अनुभव रखने वाले देव प्रकाश चौधरी ने मीडिया के विभिन्न रूपों में काम किया है। टेलीविजन के चर्चित अपराध कार्यक्रम ‘सनसनी’ से लेकर समाचार पत्रों के फीचर और पत्रिका लेखन तक उनकी सक्रियता रही है। चित्रकला और पुस्तक आवरण निर्माण के क्षेत्र में भी उनका उल्लेखनीय योगदान है। वे अब तक विभिन्न प्रकाशन संस्थानों के लिए डेढ़ हजार से अधिक पुस्तकों के आवरण तैयार कर चुके हैं। कला लेखन और समीक्षा के क्षेत्र में भी उनकी लंबी उपस्थिति रही है।
देव प्रकाश चौधरी को इससे पहले आकाशवाणी का सर्वश्रेष्ठ रेडियो नाटक लेखक सम्मान (1992), नंदलाल बोस सम्मान (1993), आर्ट पीपल सम्मान (1999) और कुलदीप नैयर पत्रकारिता पुरस्कार (2024) मिल चुके हैं। उन्हें संस्कृति मंत्रालय की जूनियर फेलोशिप, राष्ट्रीय मीडिया फेलोशिप और वर्ष 2026 में संस्कृति मंत्रालय की सीनियर फेलोशिप भी प्रदान की गई है। गोड्डा जिले का मोतिया गांव अब देव प्रकाश चौधरी की इस उपलब्धि के कारण एक बार फिर चर्चा में है। गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ उनका सफर आज अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक मंच तक पहुंचा है। यह सम्मान उनके व्यक्तिगत रचनात्मक अवदान के साथ उस मिट्टी की प्रतिभा और संभावनाओं का भी उत्सव है,जहां से उन्होंने अपनी यात्रा शुरू की थी।









