छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल में अब शासकीय फार्मासिस्ट ही बन सकेंगे रजिस्ट्रार, अधिसूचना जारी

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार पद पर अब नियमित शासकीय फार्मासिस्ट की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने 10 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी कर छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल नियम-1978 के उप-नियम 96 में संशोधन कर दिया है।

नए प्रावधान के अनुसार, राज्य सरकार का नियमित कर्मचारी, जो छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल में जीवित पंजीकृत फार्मासिस्ट हो, उसे अधिवार्षिकी आयु तक रजिस्ट्रार नियुक्त किया जा सकेगा। द लेंस ने प्रमुखता से इसकी खबर दिखायी थी ।

दशकों के संघर्ष का परिणाम

छत्तीसगढ़ फार्मासिस्ट एसोसिएशन लंबे समय से यह मांग कर रही थी कि फार्मेसी काउंसिल का रजिस्ट्रार वही व्यक्ति बने, जो स्वयं पंजीकृत फार्मासिस्ट हो। एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री हरिशंकर साहू ने कहा कि यह अधिसूचना दशकों के निरंतर प्रयासों, ज्ञापनों और बैठकों का नतीजा है।

उन्होंने बताया कि पहले भी पूर्व अपर मुख्य सचिव के कार्यकाल में अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ फार्मासिस्ट अश्वनी गुर्देकर को रजिस्ट्रार का प्रभार दिया गया था। अब उसी परंपरा को स्थायी रूप मिल गया है।

न्यायालय के निर्देश का भी उल्लेख
बिलासपुर उच्च न्यायालय ने प्रकरण संख्या WA No. 392/2026 में 15 मई 2026 को दिए आदेश में कहा था कि रजिस्ट्रार पद पर नियमित नियुक्ति की जाए और अतिरिक्त प्रभार पर काम न कराया जाए। एसोसिएशन ने शासन से मांग की है कि भविष्य में केवल नियमित नियुक्ति ही हो।

योग्यता का क्रम
रजिस्ट्रार पद के लिए पहली प्राथमिकता फार्मेसी अधिनियम 1948 के तहत मान्यता प्राप्त संस्थान से बी-फार्मेसी डिग्री वाले उम्मीदवार को दी जाएगी। दूसरी प्राथमिकता डी-फार्मेसी योग्यता वाले उम्मीदवारों की होगी।

हरिशंकर साहू ने शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से पूरे प्रदेश के फार्मासिस्टों में खुशी की लहर है। एसोसिएशन अब उम्मीद कर रही है कि शासन जल्द ही किसी योग्य शासकीय फार्मासिस्ट को नियमित रूप से रजिस्ट्रार नियुक्त करेगा। एसोसिएशन ने इस संबंध में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव को ज्ञापन भी सौंपा है।

यह बदलाव फार्मासिस्ट समुदाय के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अब काउंसिल का प्रमुख पद उसी वर्ग से भरा जा सकेगा, जो वास्तव में फार्मेसी पेशे से जुड़ा हो।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now