नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा Belonging: A Journey of Love के प्रकाशन को लेकर शुरू हुई विवाद में एक नया मोड़ आया है। सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पेंगुइन की अप्रकाशित किताब की पीडीएफ कॉपी वायरल होने लगी है। सूत्रों के अनुसार, यह लीक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा भारत में प्रकाशन से पीछे हटने और बाद में हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा इसे प्रकाशित करने के बाद किताब की जबरदस्त बिक्री के बाद सामने आई है। लीक हुई फाइल को कुछ लोगों ने पेंगुइन के पास मौजूद अप्रकाशित या एडिटोरियल रिव्यू के दौरान वाले वर्जन से जोड़कर देखा है।
क्या कहना है हार्पर कोलिन्स का
हार्पर कोलिन्स के मार्केटिंग विभाग के राजेश्वर प्रसाद ने द लेंस से बातचीत में अब तक दो लाख प्रतियों की बिक्री की बात कही है। जब किताब के लीक के संदर्भ में सेल्स डिपार्टमेंट के अंकुर अरोड़ा से बात की गई तो उन्होंने कोई तात्कालिक जवाब देने से इंकार कर दिया। उनसे पूछा गया कि क्या लीक के इस मामले में हार्पर कोलिन्स कोई कार्रवाई करने जा रहा है? तो उनका कहना था कि इस संदर्भ में जल्द जवाब दिया जाएगा।
पेंगुइन द्वारा शुरू किया गया विवाद
किताब का वैश्विक प्रकाशन अल्फ्रेड ए. नॉफ जो कि पेंगुइन का ही डिविजन है द्वारा किया जा रहा था। भारत में भी शुरुआत में PRHI को ही अधिकार दिए गए थे। अगस्त 2026 में जब नॉफ ने 10 नवंबर को विश्वव्यापी रिलीज की घोषणा की, तो भारत में प्रकाशन को लेकर गतिरोध पैदा हो गया। मीडिया रिपोर्टों और कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पेंगुइन इंडिया ने पांडुलिपि की कानूनी और संपादकीय समीक्षा के दौरान कुछ संवेदनशील अंशों में बदलाव या विलोपन का सुझाव दिया। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भूमिका, सांप्रदायिक मुद्दों, अल्पसंख्यकों की स्थिति और चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र पर कब्जे से जुड़े संदर्भ शामिल बताए गए।
पेंगुइन ने क्या दी थी सफाई
पेंगुइन का उस वक्त कहना था कि यह सामान्य प्रकाशन प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें तथ्य-जांच और लेखक के हित में सुझाव दिए जाते हैं। लेकिन सोनिया गांधी की टीम ने इन बदलावों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनका तर्क था कि किताब उनके जीवन का व्यक्तिगत आख्यान है और ऐसे संशोधन आत्म-सेंसरशिप के समान होंगे। दोनों पक्षों के बीच ‘एक विशेष मुद्दे’ पर सहमति न बन पाने के कारण पेंगुइन इंडिया ने भारत में प्रकाशन से हाथ खींच लिया। पेंगुइन ने बाहरी दबाव से इनकार किया और कहा कि वह किताब प्रकाशित करने के लिए उत्सुक था, लेकिन गतिरोध के कारण लेखक की टीम ने आगे बढ़ने से मना कर दिया।
हार्परकॉलिन्स का प्रवेश और प्रकाशन
इस विवाद के बाद कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रकाशक पर राजनीतिक दबाव था। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया। कुछ दिनों बाद हार्परकॉलिन्स इंडिया ने घोषणा की कि वह 10 नवंबर 2026 को किताब भारत में प्रकाशित करेगा। 544 पेज की इस किताब की हार्डबैक कॉपी की कीमत 1,299 रुपये रखी गई। सोनिया गांधी ने बाद में द गार्जियन को दिए इंटरव्यू में कहा कि पेंगुइन सरकार की आलोचना से असहज था।
पीडीएफ लीक और आपसी खींचतान का कोण
किताब के रिलीज के महज दो दिन बाद इसकी पीडीएफ सोशल मीडिया पर घूमने लगी। द ट्रिब्यून सहित अन्य मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, लीक हुई कॉपी अधूरी है, कुछ अध्याय गायब हैं और पेजों का क्रम भी बिगड़ा हुआ है। प्रकाशन जगत के सूत्रों का दावा है कि दो बड़े प्रकाशन घरानों पेंगुइन और हार्परकॉलिन्स के बीच अधिकारों को लेकर हुई खींचतान और गोपनीयता के उल्लंघन ने इस लीक को जन्म दिया।
पेंगुइन के पास एडिटोरियल प्रक्रिया के दौरान जो अप्रकाशित या आंशिक रूप से संपादित मैन्युस्क्रिप्ट थी, उसकी कॉपी किसी न किसी माध्यम से बाहर आ गई। इस लीक में कौन लोग शामिल हैं इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
कॉपीराइट उल्लंघन पर उठ रहे सवाल
हार्परकॉलिन्स ने अभी तक आधिकारिक बयान नहीं दिया है। लेकिन कॉपीराइट उल्लंघन और अनधिकृत डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन के मुद्दे पर सवाल उठ रहे हैं। प्रकाशन उद्योग में यह घटना लेखक और प्रकाशक के बीच गोपनीयता, संपादकीय स्वतंत्रता और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के जटिल संबंधों को उजागर करती है। सोनिया गांधी की किताब न केवल व्यक्तिगत यात्रा का वर्णन करती है, बल्कि भारत के समकालीन राजनीतिक परिदृश्य पर भी टिप्पणी करती है, जिससे विवाद और गहरा हो गया।
लीक के बावजूद किताब की मांग बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में प्रकाशकों को डिजिटल सुरक्षा और पांडुलिपि की गोपनीयता पर और सख्त कदम उठाने होंगे। पेंगुइन द्वारा शुरू किए गए संपादकीय विवाद से लेकर हार्परकॉलिन्स द्वारा प्रकाशन और उसके बाद पीडीएफ लीक तक की यह पूरी कहानी भारतीय प्रकाशन जगत में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो रही है।









