सूरजपुर में कबरा हाथी ने महिला को पटककर मार डाला, 10 दिन में 7 मौतें; रेडियो कॉलर की मंजूरी में देरी पर सवाल

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर (Surajpur) जिले में कबरा हाथी के हमले से एक और महिला की मौत हो गई। श्यामपुर निवासी दिलासो को हाथी ने सड़क पर पटककर मार डाला। जानकारी के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में सूरजपुर वन मंडल में इस हाथी के हमले से 7 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, अब तक 15 से ज्यादा लोगों की मौत होने का दावा किया जा रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।

महिला पर हमले के बाद कबरा हाथी उदयपुर के पास झिरमिटी के जंगल में पहुंच गया। आबादी के नजदीक उसकी मौजूदगी को देखते हुए आसपास के पांच स्कूलों में एहतियातन छुट्टी कर दी गई है। ड्रोन कैमरे से निगरानी के दौरान हाथी एक पेड़ के नीचे खड़ा दिखाई दिया।

वन विभाग ने कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने का फैसला लिया है। इससे उसकी लोकेशन और गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी। अभियान में वन्यजीव विशेषज्ञों और प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की मदद ली जाएगी। जरूरत पड़ने पर कुमकी हाथियों का भी इस्तेमाल होगा। सूरजपुर और बलरामपुर के डीएफओ को संयुक्त रूप से इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रेडियो कॉलर की अनुमति मिलने में एक महीने से ज्यादा का समय

कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाने के लिए एक महीने से ज्यादा समय पहले अनुमति मांगी गई थी, लेकिन मंजूरी अब मिली है। इस देरी ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते हाथी की निगरानी शुरू होती, तो ग्रामीणों को उसकी लोकेशन की जानकारी देकर हमलों का खतरा कम किया जा सकता था।

लगातार हो रही मौतों के बीच सवाल यह भी है कि जब लोगों की जान पर खतरा बना हुआ था, तब जरूरी अनुमति देने में इतना समय क्यों लगा। फिलहाल वन विभाग के सामने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now