रायपुर। सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित SKS इस्पात एंड पावर लिमिटेड में आग की चपेट में आने से 23 वर्षीय कर्मचारी जामवंत वर्मा की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 11 नवंबर को उसकी मौत हो गई। जामवंत अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बुधवार सुबह करीब 6 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने के साथ दोनों बहनों की पढ़ाई और शादी का खर्च उठाने तथा माता-पिता को पेंशन देने की मांग रखी। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
तीन दिन पहले हुआ था हादसा
कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, हादसा करीब तीन दिन पहले हुआ था। कर्मचारी कार्यस्थल पर पॉलिएस्टर ड्रेस पहने हुए था। इसी दौरान वह आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारी के इलाज का पूरा खर्च कंपनी ने उठाया। इलाज के दौरान महंगे इंजेक्शन भी दिए गए।
25 लाख रुपए मुआवजे पर बनी सहमति
जामवंत की मौत के बाद ग्रामीणों ने परिवार के लिए 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग की थी। इसको लेकर कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई। लल्लूराम की 11 नवंबर को शाम 5:40 बजे प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, प्रबंधन ने परिवार को 25 लाख रुपए मुआवजा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
हालांकि, दोनों बहनों की पढ़ाई और शादी का खर्च उठाने तथा माता-पिता को पेंशन देने की मांग पर प्रबंधन ने क्या निर्णय लिया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, हादसे की वजह और औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।








