बाफना लाइफस्टाइल शोरूम में युवती की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर मांगा इंसाफ

जगदलपुर | जगदलपुर के गोलबाजार के व्यस्ततम इलाके में स्थित बाफना (Bafna) लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम में काम करने वाली युवती दीपाली सागर की संदिग्ध मौत अब शहर में आक्रोश की वजह बन गई है। शोरूम की छत पर फंदे से लटकता मिला दीपाली का शव, परिजनों के आरोप और घटना के बाद सामने आई परिस्थितियों ने पूरे मामले को गरमा दिया है। मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे परिजनों ने बुधवार को शोरूम के सामने जमकर हंगामा किया। वार्डवासियों के साथ पहुंचे परिजनों का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने शोरूम के सामने रखे गमलों में तोड़फोड़ कर दी। प्रदर्शन के दौरान ‘फांसी के बदले फांसी दो’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

दरअसल, दीपाली एक दिन पहले रात को घर नहीं लौटी थी। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह परिजन बाफना लाइफस्टाइल शोरूम पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान शोरूम की छत पर दीपाली का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। बेटी की इस हालत को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। लेकिन इस घटना को लेकर परिजनों के मन में शुरुआत से ही कई सवाल थे। उनका आरोप है कि दीपाली के साथ कुछ गलत हुआ है और उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उन्हें समय पर सीसीटीवी फुटेज तक नहीं दिखाए गए। उनका आरोप है कि सीसीटीवी में दीपाली के छत की ओर जाने का फुटेज सामने आने के बाद ही शव को बाहर निकाला गया। अब परिजन यह सवाल उठा रहे हैं कि जब युवती रात से लापता थी तो शोरूम प्रबंधन की ओर से उसकी तलाश या घटना की जानकारी देने में तत्परता क्यों नहीं दिखाई गई? आखिर रातभर शोरूम परिसर में क्या हुआ और दीपाली की मौत किन परिस्थितियों में हुई?

मामला यहीं नहीं थमा। आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े करते हुए छेड़छाड़ की आशंका जताई है। उनका कहना है कि उन्हें दीपाली की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता चाहिए और किसी भी सूरत में मामले को दबने नहीं दिया जाएगा। बुधवार को वार्डवासियों के साथ शोरूम पहुंचे परिजनों ने संचालकों के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ की सूचना के बाद बाफना हाउस के सामने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। इससे पहले घटना की सूचना मिलने पर पुलिस एफएसएल और फोटोग्राफर टीम के साथ मौके पर पहुंची थी और जरूरी साक्ष्य जुटाए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन परिजनों का सवाल है कि आखिर उनकी बेटी की मौत का सच सामने आने में इतना इंतजार क्यों? वे मामले की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से पड़ताल और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल दीपाली सागर की संदिग्ध मौत ने जगदलपुर में बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। एक ओर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, तो दूसरी ओर परिजन और वार्डवासी न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर चुके हैं। अब देखना होगा कि जांच में दीपाली की मौत से जुड़े कौन-कौन से राज सामने आते हैं और परिजनों के सवालों का जवाब कब मिलता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now