महादेव सट्टा ऐप केस : सौरभ चंद्राकर से दिल्ली में पूछताछ करेगी CBI, 12 नवंबर तक रिमांड पर

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से अब दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय में पूछताछ होगी। बुधवार को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे आठ दिन की रिमांड पर भेज दिया। जांच एजेंसी ने अदालत से दस दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 12 नवंबर तक की रिमांड मंजूर की।

दिल्ली ले जाने पर दोनों पक्ष सहमत

सौरभ चंद्राकर के वकील तुषार गिरी ने बताया कि पूछताछ के लिए उसे दिल्ली ले जाने पर बचाव पक्ष और CBI के बीच सहमति बनी है। अब चंद्राकर को दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय ले जाया जाएगा, जहां जांच एजेंसी उससे महादेव सट्टा ऐप के संचालन और पैसों के लेनदेन को लेकर पूछताछ करेगी।

रिमांड के दौरान चंद्राकर के परिवार के सदस्य भी CBI कार्यालय में उससे मुलाकात कर सकेंगे।

ED ने भी मांगी रिमांड, फैसला बाकी

इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी सौरभ चंद्राकर की रिमांड मांगी है। हालांकि, ED की अर्जी पर अदालत का फैसला अभी आना बाकी है।

सौरभ चंद्राकर को एक नवंबर को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर CBI उसे रायपुर लेकर पहुंची थी। महादेव ऐप के जरिए हजारों करोड़ रुपये की कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी और हवाला लेनदेन की जांच चल रही है। अब CBI की पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका और पैसों के लेनदेन की जानकारी जुटाई जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now