रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव (Rajyotsav) के मौके पर प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के बैंक खातों में महतारी वंदन योजना की किस्त जारी की गई। राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक क्लिक के जरिए डीबीटी से राशि ट्रांसफर की। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
नक्सल प्रभावित इलाकों की 6,908 महिलाओं को भी मिली राशि
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे ‘नियद नेल्लानार’ अभियान के कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को भी योजना की 13वीं किस्त का भुगतान किया गया। इन इलाकों में रहने वाली महिलाओं को भी योजना से जोड़ा गया है, ताकि उन्हें नियमित आर्थिक सहायता मिल सके।
महिलाओं के खातों में सीधे भेजी जाती है राशि
महतारी वंदन योजना के तहत राज्य सरकार पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देती है। सालभर में प्रत्येक हितग्राही को 12 हजार रुपये मिलते हैं। यह राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। सरकार का कहना है कि इस सहायता से महिलाओं को घरेलू जरूरतों और छोटे-मोटे खर्चों में मदद मिल रही है।










