तूफान ‘मुरासु’ का तांडव, आंध्र में ₹344 करोड़ की तबाही, 35 ट्रेनें रद्द, छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, दिल्ली में AQI 600 के पार

लेंस डेस्क। बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ ने देश के तटीय और मैदानी राज्यों में मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बिगाड़ दिया है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में लैंडफॉल के बाद इस तूफान ने भारी तबाही मचाई है, जहाँ अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब ₹344 करोड़ का शुरुआती नुकसान आंका गया है। ‘मुरासु’ का सीधा असर मध्य भारत तक देखने को मिल रहा है जहाँ एक तरफ छत्तीसगढ़ में बिन-मौसम बारिश शुरू हो गई है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत में कोहरे और ज़हरीली हवा का ट्रिपल अटैक जारी है।

आंध्र प्रदेश: 12 हज़ार लोग शिविरों में, 52 हज़ार हेक्टेयर फसलें जलमग्न

तूफान ‘मुरासु’ के कारण आंध्र प्रदेश में जनजीवन बुरी तरह पटरी से उतर गया है:

राहत और बचाव कार्य: तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले 12,230 लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में पहुँचाया गया है।
कृषि पर मार: करीब 52,459 हेक्टेयर में लगी फसलें पूरी तरह पानी में डूबकर तबाह हो चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक झटका लगा है।
बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर ठप: 100 किमी/घंटे से ज्यादा की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने हजारों पेड़ों को उखाड़ दिया और बिजली के 2,750 से अधिक खंभे धाराशायी हो गए हैं। कई जिलों में संचार और बिजली सेवाएं पूरी तरह ठप हैं।
35 ट्रेनें रद्द: रेलवे ट्रैक पर पानी भरने और पेड़ गिरने के कारण दक्षिण-पूर्व रेलवे ने 35 से अधिक प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन निकलने से पहले लाइव स्टेटस जांचने की सलाह दी है।

छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न -15 जिलों में ‘यलो अलर्ट’

चक्रवात ‘मुरासु’ का असर छत्तीसगढ़ की फिज़ाओं में भी देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में मंगलवार शाम से रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी है।

मौसम विभाग की चेतावनी: मौसम केंद्र ने बुधवार को प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
धान की फसल को खतरा: इस बेमौसम बारिश ने राज्य के किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि खेतों में धान की कटाई का काम चल रहा है।

ओडिशा में अलर्ट और यूपी में कोहरे के साथ ठंड की दस्तक

ओडिशा में मूसलाधार बारिश: दक्षिण ओडिशा के गजपति, गंजम, कोरापुट, रायगढ़ा और मलकानगिरि समेत 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए स्थानीय प्रशासन को मुस्तैद रहने को कहा गया है।
उत्तर प्रदेश में पारा लुढ़का: यूपी में बीते 24 घंटों के दौरान अचानक तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ, वाराणसी, मुरादाबाद और हापुड़ समेत 10 से अधिक जिलों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले 48 घंटों में पूर्वांचल के जिलों में बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली-NCR में ‘एयर इमरजेंसी’: AQI 600 के पार, सांसों पर संकट

मौसम के इस बदलाव के बीच देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक मोड़ पर पहुँच गया है. बुधवार सुबह दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 605 दर्ज किया गया, जो ‘अति-गंभीर’ (Severe Plus) श्रेणी में आता है।
इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में सुबह का AQI 414 से अधिक रहा। विजिबिलिटी बेहद कम होने और धुंध की मोटी परत जमने के कारण डॉक्टरों ने बुजुर्गों और बच्चों को सुबह की सैर से बचने की सलाह दी है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now