दिल्ली | दिल्ली में मॉक पार्लियामेंट और रामलीला मैदान में ऐतिहासिक रैली कर लेने के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। राहुल गाँधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह पोस्ट करके सनसनी मचा दी है कि “नरेंद्र मोदी, आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखी राहुल गाँधी की ये पोस्ट तेजी से वायरल है और राजनीतिक हलकों में इसे राहुल गाँधी के बड़े राजनीतिक धमाके की तरह देखा जा रहा है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर राष्ट्रीय एकता समारोह में बोलते हुए कहा था कि कुछ ताकतें पिछले करीब एक दशक से कुंठा और निराशा की वजह से खुलकर सामने आ गई हैं और देश को बाँटने में लगी हैं।
उन्होंने राहुल गाँधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि कौन विदेशों में जाकर गुप्त बैठकें कर रहा है, किन्हें भारत विरोधी ताकतें समर्थन दे रही हैं और कौन भारत के विरोधियों की भाषा बोल रहा है? हमें इस पैटर्न को पहचानना होगा और इनका मुकाबला करना होगा। श्री मोदी ने कहा कि सोशल मीडिया को औजार बनाकर अफवाह फैलाई जा रही है और इसके खिलाफ देश की जनता को एकजुट होकर आगे आना होगा।
प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद राहुल गाँधी ने नरेंद्र मोदी पर तीखा उलटवार किया और सीधे आरोप लगाया कि “मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कर दीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।” राहुल गाँधी ने कहा कि आपकी अर्थव्यवस्था पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है और विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह से आपके साथ खड़ा है।
राहुल गाँधी ने नरेंद्र मोदी से यह भी कहा – “मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूँ। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए।”
श्री गाँधी ने अपनी पोस्ट में चुनौती भरे अंदाज में लिखा – “आप नहीं आएँगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूँ, आप उससे डरते हैं।”
दिलचस्प यह है कि राहुल गाँधी की इस सीधी चुनौती के बाद घंटों तक न तो नरेंद्र मोदी के अपने X हैंडल से, न ही PMO India से और न ही बीजेपी के आधिकारिक X हैंडल से कोई जवाब दिया गया।
बीजेपी ने शाह के उन आरोपों का वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने विपक्ष के मॉक पार्लियामेंट पर कटाक्ष किया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से पीएम मोदी से लेकर बीजेपी के तमाम बड़े नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर हमले कर रहे थे और आरोप लगा रहे थे और सवाल कर रहे थे कि वे किन लोगों से गोपनीय मुलाकातें कर रहे हैं।
इसके बाद अब राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने और बने रहने का जो तीखा आरोप लगाया है, उससे देश की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
राजनीतिक क्षेत्रों में यह सवाल उठ रहा है कि राहुल गांधी के पास ऐसी क्या सूचनाएं हैं, जिसे लेकर सत्ता पक्ष, बीजेपी और सरकार में खलबली मची रहती है।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी होती है कि अगर राहुल गांधी के पास ऐसी सूचनाएं हैं, तो उनके सार्वजनिक होने का समय कब आएगा।








