रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। उसकी पेशी विशेष न्यायाधीश मनोज सिंह ठाकुर की अदालत में हुई। ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI उसे दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लेकर पहुंची थी। अब अदालत में उसकी रिमांड और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर सुनवाई होगी।
सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े लोगों पर जांच एजेंसी की नजर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उस पर दुबई में बैठकर देशभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाने का आरोप है। इस कारोबार में हजारों करोड़ रुपये के लेनदेन की जांच चल रही है। CBI अब चंद्राकर से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि सट्टेबाजी का पैसा किन लोगों तक पहुंचा और इस नेटवर्क को चलाने में कौन-कौन शामिल था।
इस मामले में कई नेताओं, अधिकारियों और दूसरे प्रभावशाली लोगों की कथित भूमिका को लेकर भी सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में चंद्राकर से पूछताछ के दौरान नई जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल अदालत से उसकी रिमांड पर आने वाले फैसले का इंतजार है।









