रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी (Amit Jogi) के खिलाफ सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर साझा किए गए विवादित वीडियो के मामले में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे।
वीडियो हटाकर माफी मांग चुके हैं अमित जोगी
अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर एक व्यंग्यात्मक वीडियो साझा किया था, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रतीकात्मक किरदार दिखाए गए थे। भाजपा ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। विवाद बढ़ने पर जोगी ने वीडियो हटाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। इसके बावजूद भाजपा नेताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एफआईआर में लगाई गई धाराओं की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।










