रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ पार्टी के नेता, पूर्व विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पुत्र अमित जोगी (Amit Jogi)सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह और एक उद्योगपति को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक और स्तरहीन वीडियो पोस्ट कर फिर विवादों में आ गए हैं।
इस वीडियो को उन्होंने इन लोगों के हनीमून का दृश्य बताया। वीडियो में वे स्वयं एक ऐसे सूत्रधार की भूमिका में नजर आ रहे हैं जो एक बंद कमरे का दरवाजा खोलता है जहां बिस्तर पर चार मुखौटाधारी व्यक्ति मौजूद हैं। अमित जोगी शुरुआत ही इसी पंक्ति से करते हैं कि ज्ञानू और जानू की शादी हो गई…आज तो हनीमून मना रहे हैं!
फिर अमित जोगी फॉलो मी कहते हैं और कैमरा उनके पीछे-पीछे रोल होता हुआ कमरे के भीतर पहुंचता है।
कमरे में तीन मुखौटाधारियों में निजी किस्म का संवाद हो रहा है और अंत में चौथा मुखौटाधारी, जिसकी शक्ल एक चर्चित उद्योगपति की तरह नजर आ रही है कहता सुनाई दे रहा है – मेरी याद नहीं आई तुझे! इस चौथे व्यक्ति को लोग उद्योगपति गौतम अडानी के रूप में पहचान रहे हैं लेकिन इसका मुखौटा गौतम अडानी से मिलता जुलता नहीं नजर आ रहा है। जबकि बाकी तीनों मुखौटे हू ब हू मूल व्यक्तियों की तस्वीरों से मिलती जुलती नजर आ रहे हैं।
अमित जोगी, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के ज्ञानेश कुमार व उद्योगपति से कथित संबंधों पर कटाक्ष करते-करते मर्यादा का ही उल्लंघन कर बैठे!
इस रील में जो दृश्य हैं वह बहुत ही फूहड़, स्तरहीन और आपत्तिजनक हैं।
इस रील के वायरल होते ही हल्ला मचा तो खुद अमित जोगी की पार्टी में बवाल मच गया। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और जोगी परिवार के करीबी भगवानू नायक ने इस पोस्ट पर अपनी तीखी आपत्ति जताई और पद से और पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया। भगवानू नायक ने अपनी आपत्ति सार्वजनिक नहीं की लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि उन्होंने पार्टी के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई और पार्टी छोड़ गए। श्री नायक ने लेंस से इतना ही कहा कि उन्होंने निजी कारणों से पार्टी छोड़ी है। अभी आगे का कुछ तय नहीं है।
बताते हैं कि बाद में अमित जोगी को एहसास हुआ कि इस पोस्ट को लेकर वे चारों तरफ आलोचना का शिकार हो रहे हैं तो उन्होंने अपने कृत्य के लिए ना केवल माफी मांगी बल्कि आनन-फानन में पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि पोस्ट इंटरनेट पर मौजूद है।
अपने माफीनामे में अमित जोगी ने लिखा – ‘Honeymoon पोस्ट के संदर्भ में, आज सुबह मुझे एहसास हुआ कि जो संदेश मैं देना चाहता था, वह मेरे विश्वास के अनुसार आज भी वैध है लेकिन उसे जिस तरीके से दिया गया, वह आदर्श नहीं था।’ अमित जोगी ने लिखा – ‘जिनकी भावनाएं आहत हुईं, उनसे मेरी हार्दिक क्षमा-याचना।’ यह भी लिखा – ‘मैं व्यवस्था के प्रति अपना विरोध जारी रखूंगा और कोशिश करूंगा कि इससे अधिक सभ्य तरीके से करूं।’
अंत में फिर उन्होंने लिखा – ‘क्षमा करें।’
अमित जोगी की इस पोस्ट को लेकर शिकायत भी दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता कुणाल शुक्ला का कहना है –
“प्रधानमंत्री के लिए अभद्र, फूहड़ और अपमानजनक वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले अमित जोगी एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मैंने रायपुर पुलिस में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में IT Act की धारा 67 और 67A तथा BNS की धारा 294 और 296 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। अब देखना यह होगा कि रायपुर पुलिस देश के प्रधानमंत्री को न्याय दिलाने के लिए कितनी तत्परता दिखाती है?”
कानूनी धाराएँ : BNS 294 अश्लील सामग्री के प्रकाशन एवं प्रसार से संबंधित है, जबकि BNS 296 सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य एवं अश्लील शब्दों से संबंध को लेकर है।









